crimeDehradun

देहरादून में कार सवार पर जानलेवा हमला, चाकू और रॉड से किए वार

गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदला, हेलमेट से कार के शीशे तोड़े

Round The Watch News: देहरादून में गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद पेट्रोल पंप पर जानलेवा हमले में बदल गया। 22 अगस्त की रात बल्लूपुर चौक स्थित भारत पेट्रोलियम पंप पर बाइक सवार युवक अपने साथियों के साथ पहुंचे और कार सवार नवीन भाटिया पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले हेलमेट से कार के शीशे तोड़े और फिर नवीन को पीटते हुए पंप से कुछ दूर ले गए। वहां लाठी, रॉड, हेलमेट और चाकू से मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, नवीन भाटिया रात में अपने घर से बाहर निकल रहे थे। घर के बाहर एक मोटरसाइकिल खड़ी थी, जिस पर एक युवक बैठा हुआ था। नवीन ने युवक से मोटरसाइकिल हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया।

इसके बाद नवीन अपनी कार लेकर बल्लूपुर चौक स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने पहुंचे। आरोप है कि विवाद करने वाला बाइक सवार युवक अपने कई साथियों के साथ उनका पीछा करते हुए पेट्रोल पंप पहुंच गया। आरोपियों के पास लाठी-डंडे, रॉड, चाकू और हेलमेट थे।

पेट्रोल पंप पर पहुंचते ही आरोपियों ने नवीन को घेर लिया। हमलावरों ने हेलमेट से उनकी कार के शीशों पर वार कर उन्हें तोड़ दिया। इसके बाद नवीन के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावर उन्हें पीटते हुए पेट्रोल पंप से कुछ दूर ले गए, जहां लात-घूंसों के साथ हेलमेट, रॉड और चाकू से हमला किया गया। गंभीर मारपीट में नवीन के अधमरा होने तक पीटे जाने का आरोप है।

अचानक हुई इस घटना से पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर नवीन को हमलावरों से बचाया। लोगों को जुटता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल नवीन को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। बसंत विहार पुलिस ने नवीन भाटिया की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी शैंकी सिंह के अनुसार, पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button