crimeDehradun

रिटायर्ड आईएफएस के घर पर हत्या, पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट

डालनवाला से जुड़े मोहनी रोड के पॉश इलाके में संगीन वारदात, हत्या के बाद वहीं बैठा रहा आरोपी पति

Rajkumar Dhiman, Dehradun: डालनवाला क्षेत्र में गुरुवार दोपहर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद गुस्से में आए पति ने धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पत्नी की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार होने के बजाय वहीं बैठा रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। यह घर रिटायर्ड आईएफएस अधिकारी का है। घर के बाहर नेम प्लेट पर सीएल भसीन रिटायर्ड आईएफएस और उसके नीचे दीपक भसीन का नाम दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर डालनवाला के मोहनी रोड क्षेत्र में हुई। मृतका की पहचान सोनू पाल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति रामजी पाल है। दोनों मूल रूप से अयोध्या के रहने वाले हैं और करीब तीन महीने पहले ही अपने गांव से देहरादून आए थे।

विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर मनमुटाव रहता था। गुरुवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कहासुनी बढ़ने पर रामजी पाल गुस्से में आ गया और उसने धारदार हथियार से सोनू पर हमला कर दिया। हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गई और फिर उसकी मौत हो गई।

चीख-पुकार सुनकर मकान मालिक ने दी पुलिस को सूचना
घटना के दौरान घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मकान मालिक दीपक भसीन को कुछ अनहोनी होने का संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल पुलिस को फोन कर सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां रामजी पाल मौजूद मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है।मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

रिटायर्ड IFS अधिकारी के घर के पीछे बने सर्वेंट क्वार्टर में रहता था परिवार
सोनू और रामजी अपने तीन बच्चों के साथ मोहनी रोड स्थित रिटायर्ड IFS अधिकारी सीएल दीपक भसीन के घर के पीछे बने सर्वेंट क्वार्टर में रहते थे। सोनू भसीन के घर में साफ-सफाई समेत अन्य घरेलू काम करती थी, जबकि रामजी पाल राजमिस्त्री का काम करता था। घटना के समय दंपती के तीनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। इस वजह से वारदात के दौरान बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे।

पुलिस ने बरामद किया वारदात में इस्तेमाल हथियार
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद कर लिया है। हथियार बरामद करने के बाद पुलिस आरोपी को दोबारा घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां घटना का सीन रीक्रिएट किया जा रहा है। पुलिस इस प्रक्रिया के जरिए वारदात के दौरान घटनाक्रम और आरोपी की गतिविधियों को समझने का प्रयास कर रही है।

डालनवाला सीओ नितिन लोहानी के मुताबिक, घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम भी पहुंच चुकी है। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button