उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक में 12.31 लाख के गबन का आरोपी दीपक बढ़ई गिरफ्तार
ऋषिकेश में दैनिक जमा अभिकर्ता के तौर पर करता था काम, खाताधारकों से ली रकम बैंक में जमा नहीं करने का आरोप

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक में खाताधारकों से जमा कराने के लिए ली गई लाखों रुपये की रकम बैंक में जमा नहीं करने के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने नामजद आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित ने दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्य करते हुए अलग-अलग तिथियों में खाताधारकों से धनराशि प्राप्त की, लेकिन उसे बैंक में जमा नहीं कराया। इस मामले में कुल 12,31,458 रुपये के गबन का आरोप है।
मामला उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, लक्ष्मणझूला रोड, ऋषिकेश से जुड़ा है। बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक एसएस राणा, निवासी 637 लक्ष्मण झूला रोड, ऋषिकेश, देहरादून ने 24 मई 2026 को कोतवाली ऋषिकेश में लिखित तहरीर दी थी।
तहरीर में बताया गया कि बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्य करने वाले दीपक बढ़ई ने विभिन्न तिथियों में बैंक के खाताधारकों से खाते में जमा करने के लिए रुपये लिए। आरोप है कि खाताधारकों से प्राप्त धनराशि बैंक में जमा नहीं की गई और इस तरह कुल 12 लाख 31 हजार 458 रुपये का गबन किया गया।
शिकायत मिलने के बाद कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0-212/2026 दर्ज किया। आरोपित के खिलाफ धारा 316(5) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस अधिकारियों को त्वरित साक्ष्य संकलन करते हुए नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान दीपक बढ़ई पुत्र उमेश बढ़ई, निवासी गोपेश्वर मंदिर मार्ग, गली नंबर 11/7, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश, देहरादून, उम्र 29 वर्ष, को 9 सितंबर 2026 को उदय बाग, विकासनगर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपित को पुलिस द्वारा नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
– उपनिरीक्षक विनेश कुमार
– कांस्टेबल अभिषेक
– कांस्टेबल तेज सिंह



