दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में सड़ा खाना, कॉकरोच और चूहों का आतंक
एफडीए आयुक्त पांडे के निर्देश पर कार्रवाई, फ्रीजर में मिली सड़ी सब्जियां, एक सप्ताह पुरानी मोमोज-चाउमीन की सामग्री और बासी चावल

Round The Watch, Desk: शहर के प्रतिष्ठित दून क्लब स्थित हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। रेस्टोरेंट की रसोई और स्टोर रूम में सड़ी-गली सब्जियां, बासी खाद्य सामग्री, कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी मिली। बर्तन धोने वाले क्षेत्र में तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तनों का ढेर लगा था, जबकि नालियां जाम और ड्रेनेज सिस्टम खराब पाया गया। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) आयुक्त विनय शंकर पांडे के निर्देश पर किए गए एफडीए तथा विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीम के औचक निरीक्षण में इन खामियों का पर्दाफाश हुआ। टीम ने रेस्टोरेंट को तत्काल बंद करा दिया और संचालक अभय सिंह नेगी को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया।
एफडीए आयुक्त पांडे के अनुसार निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में मिलीं। करीब दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पहले गूंथा गया आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज एवं चाउमीन बनाने की सामग्री भी रखी हुई थी। खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे गए थे, जो स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। रसोईघर और मसाले रखने वाली अलमारी में कॉकरोच तथा चूहे मिले। चूहों ने मसालों की कई थैलियां कुतर रखी थीं। स्टोर रूम में भी चूहों की मौजूदगी पाई गई। ऐसे हालात में खाद्य पदार्थों के दूषित होने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका सामने आई है।
जूठे बर्तनों का ढेर, जाम नालियां और खराब ड्रेनेज
रेस्टोरेंट के बर्तन धोने वाले क्षेत्र में तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तनों का ढेर लगा था। आसपास गंदगी और कूड़ा जमा था। नालियां जाम मिलीं और ड्रेनेज सिस्टम भी खराब पाया गया। जांच के दौरान रेस्टोरेंट प्रबंधन कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं करा सका। पेस्ट कंट्रोल कराए जाने के प्रमाणपत्र और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई। निरीक्षण में सामने आई इन कमियों को खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही के रूप में देखा गया।
पांच किलो चावल समेत 24 किलो से अधिक खाद्य सामग्री नष्ट
संयुक्त टीम ने मौके पर पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी नष्ट कराई। इसके अलावा जांच के लिए पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने लिए गए हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर खाद्य सुरक्षा से संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।
दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में लापरवाही पर चिंता
सचिव सीमा डुंगराकोटी के नेतृत्व में टीम ने रसोईघर, फ्रीजर, खाद्य सामग्री के भंडारण स्थलों, बर्तन धुलाई क्षेत्र और स्टोर रूम का निरीक्षण किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की गंभीर अनियमितताएं विशेष रूप से चिंताजनक हैं। यहां विशिष्ट एवं अति विशिष्ट व्यक्तियों (वीवीआईपी) सहित अनेक गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है। ऐसे संस्थान में भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्था स्वच्छ एवं निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि रसोई में सड़ी-गली खाद्य सामग्री, कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी तथा साफ-सफाई की बदहाल स्थिति अत्यंत आपत्तिजनक है। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रभावी निगरानी और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है।
14 दिन में सुधार नहीं तो लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई
निरीक्षण में मिली गंभीर खामियों के बाद आयुक्त विनय शंकर पांडे के निर्देशों के क्रम में रेस्टोरेंट संचालक अभय सिंह नेगी को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। इस अवधि में परिसर की गहन सफाई, खराब खाद्य सामग्री का निस्तारण, प्रभावी पेस्ट कंट्रोल, नालियों एवं ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत और पेयजल की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से संबंधित अभिलेख भी उपलब्ध कराने होंगे। निर्धारित अवधि के बाद दोबारा निरीक्षण कर सुधारात्मक कार्यों का सत्यापन किया जाएगा। आयुक्त पांडे के मुताबिक यदि कमियां दूर नहीं की गईं, तो लागू कानूनी प्रावधानों के तहत रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित करने समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त निरीक्षण दल में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी मसूरी कपिल देव, अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी देहरादून रमेश सिंह शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान दून क्लब के अध्यक्ष मनोज सूरी भी मौजूद थे। विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य, उपभोक्ता हितों और सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सर्वोपरि है।



