crimeUttarakhand

पुलिस ने रेप की कहानी झुठलाई, नाबालिग ने कोर्ट में कहा, ‘पिता को जेल भेजने की धमकी देकर बदलवाए बयान’

चंपावत नाबालिग गैंगरेप प्रकरण में नया मोड़, पुलिस की शुरुआती जांच और मेडिकल रिपोर्ट पर उठे सवाल

Rajkumar Dhiman, Uttarakhand: चंपावत के बहुचर्चित किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 06 महीने बाद नया मोड़ आ गया है। जिस प्रकरण को पुलिस ने मई में साजिश बताते हुए फर्जी करार दिया था, उसी मामले में पीड़िता ने 25 नवंबर को विशेष पॉक्सो अदालत में गवाही के दौरान 03 युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। किशोरी ने अदालत को बताया कि पहले उसने दबाव में आकर अपने बयान बदले थे। उसे डर था कि ऐसा नहीं करने पर उसके बीमार पिता को जेल भेज दिया जाएगा।

मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मई में किशोरी ने वीडियो जारी कर अपने साथ किसी तरह की गलत हरकत होने से इन्कार किया था। उसने कमल सिंह रावत और अर्जिता राय पर तीन युवकों को फंसाने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया था। उसके पिता ने भी बाद में अपनी शुरुआती शिकायत वापस लेते हुए कथित साजिश की बात कही थी। लेकिन अब अदालत में किशोरी ने अपने पहले के बयानों से अलग कहानी रखी है। उसने विनोद सिंह रावत, नवीन सिंह रावत और पूरन सिंह रावत पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। वहीं, इस मामले में करीब छह महीने से जेल में बंद आनंद सिंह महरा को पहचानने से भी इन्कार कर दिया।

घटनाक्रम में आए इन विरोधाभासी बयानों के बीच पुलिस की शुरुआती जांच, मेडिकल रिपोर्ट और अदालत में दर्ज गवाही को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। इसी बीच 26 नवंबर को उत्तराखंड हाई कोर्ट ने आनंद सिंह महरा को दोनों संबंधित मुकदमों में जमानत भी दे दी।

शादी समारोह से लापता हुई किशोरी, अगले दिन कमरे में मिली
मामले की शुरुआत पांच मई 2026 को हुई थी। किशोरी के पिता की छह मई को पुलिस को दी गई पहली शिकायत के अनुसार, उनकी 16 वर्षीय बेटी पांच मई की शाम एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर पिता ने उसकी तलाश शुरू की। पूरी रात खोजबीन के बाद सुबह करीब चार बजे किशोरी सल्ली गांव में डेयरी के पास बने एक कमरे में मिली।

पिता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि बेटी नग्न अवस्था में थी और उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। किशोरी ने उन्हें बताया कि आसपास के गांव के विनोद सिंह रावत, नवीन सिंह रावत और पूरन सिंह रावत उसे जबरन कमरे में ले गए थे। आरोप था कि तीनों ने चाकू से धमकाकर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गईं। इस बीच बड़ी संख्या में ग्रामीण चंपावत कोतवाली पहुंच गए। आरोपितों की गिरफ्तारी में देरी को लेकर पुलिस के साथ बहस और हंगामा भी हुआ।

पुलिस ने प्रेस वार्ता कर मामले को बताया साजिश
मामले में गिरफ्तारी नहीं होने पर विरोध तेज हो गया। कमल सिंह रावत, अर्जिता राय और आनंद सिंह महरा प्रशासन पर मिलीभगत के आरोप लगाते हुए आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर किशोरी के भाई का एक पत्र सामने आया। इसमें पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने और 50 लाख रुपये देने की पेशकश किए जाने के आरोप लगाए गए थे। 07 मई की शाम मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने प्रेस वार्ता की। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने मामले को सामूहिक दुष्कर्म के बजाय तीन युवकों को फंसाने की साजिश बताया।

पुलिस के अनुसार, किशोरी के बयान चिकित्सकीय, फोरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों से मेल नहीं खा रहे थे। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच में दावा किया गया कि घटना वाले दिन किशोरी, कमल रावत और अर्जिता राय के बीच लगातार संपर्क हुआ था। पुलिस ने यह भी कहा कि किशोरी अपनी मर्जी से शादी समारोह में गई थी और जिन तीन युवकों पर आरोप लगाए गए, वे कथित घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थे।

पुलिस की जांच में दावा किया गया कि कमरे में दुष्कर्म जैसी स्थिति तैयार की गई और वीडियो भी बनाया गया था। एसपी के मुताबिक, कमल सिंह रावत की तीनों नामजद युवकों से पुरानी रंजिश थी। उसने किशोरी को उसके बीमार पिता के इलाज और आर्थिक मदद का भरोसा देकर कथित साजिश में शामिल किया था। पुलिस का कहना था कि पूछताछ में किशोरी ने भी स्वीकार किया कि उसके साथ दुष्कर्म नहीं हुआ और उसे तीन युवकों को फंसाने के लिए इस्तेमाल किया गया।

प्रेस वार्ता में मौजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने भी कहा था कि मेडिकल जांच में दुष्कर्म या जबरदस्ती के स्पष्ट संकेत नहीं मिले। पुलिस के मुताबिक, किशोरी की कलाई पर मिला निशान घटना से पहले का था और हाथ-पैर बांधने के निशान नहीं पाए गए। इसके बाद पुलिस की शुरुआती जांच में मामला सामूहिक दुष्कर्म के बजाय कथित साजिश का बन गया।

किशोरी और भाई के वीडियो आए सामने, पिता ने भी बदले आरोप
पुलिस की प्रेस वार्ता के अगले दिन 08 मई को किशोरी और उसके भाई के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए। वीडियो में किशोरी ने कहा कि उसके साथ दुष्कर्म नहीं हुआ था। उसने कमल सिंह रावत और अर्जिता राय पर तीन युवकों को झूठे मामले में फंसाने के लिए तैयार करने का आरोप लगाया।

किशोरी के मुताबिक, उसे भरोसा दिलाया गया था कि ऐसा करने पर उसके बीमार पिता का इलाज कराया जाएगा। उसके भाई ने भी 50 लाख रुपये की पेशकश से संबंधित पत्र को लेकर माफी मांगी और कहा कि उसने कमल के कहने पर पत्र लिखा था।

इसी दिन मामले ने एक और मोड़ लिया। विनोद सिंह रावत के पिता राम सिंह रावत ने कमल सिंह रावत, अर्जिता राय और आनंद सिंह महरा के खिलाफ नई प्राथमिकी दर्ज कराई। उल्लेखनीय है कि विनोद वही युवक था, जिस पर किशोरी के पिता ने शुरुआती शिकायत में सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था।

नई शिकायत में आरोप लगाया गया कि तीनों ने साजिश रचकर विनोद और अन्य दो युवकों को झूठे मुकदमे में फंसाया। पुलिस ने कमल सिंह रावत और अर्जिता राय को गिरफ्तार कर लिया, जबकि आनंद सिंह महरा की तलाश जारी रखी। पुलिस का कहना था कि किशोरी को कथित साजिश में इस्तेमाल किया गया था, इसलिए उसे आरोपित के बजाय पीड़िता मानते हुए उसकी काउंसलिंग कराई जाएगी।

पिता ने दर्ज कराया एक और मुकदमा, वीडियो वायरल करने का आरोप
इस घटनाक्रम के बीच 11 मई को किशोरी के पिता की तहरीर पर कमल सिंह रावत, अर्जिता राय और आनंद सिंह महरा के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की गई। पिता ने इस बार आरोप लगाया कि तीनों ने उनकी बेटी को बहलाकर उसका निर्वस्त्र वीडियो और फोटो प्रसारित किए। शिकायत में यह भी कहा गया कि कमल ने उन्हें गुमराह कर पहले गलत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस शिकायत पर एफआईआर संख्या 16 दर्ज की। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 217, 230, 351(2), 351(1)(ख) और 61(2) के साथ पॉक्सो अधिनियम की धाराएं 11, 12, 22 और 23 लगाई गईं।

इसके बाद 13 मई को आनंद सिंह महरा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की कार्रवाई में बबलू और राहुल नाम के दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। इस तरह कथित साजिश और वीडियो से जुड़े प्रकरण में कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई।

छह महीने तक अदालत में नहीं हुई पीड़िता की गवाही
मामले में गिरफ्तार आनंद सिंह महरा की जमानत याचिका निचली अदालत में दो बार खारिज हो चुकी थी। 23 मई और छह अक्टूबर को अदालत ने उन्हें राहत देने से इन्कार कर दिया था। इस अवधि में पीड़िता और उसके परिवार का कोई सदस्य अदालत में गवाही देने नहीं पहुंचा। इस बीच आनंद सिंह महरा दोनों संबंधित मुकदमों में जेल में रहे। पुलिस ने पहली प्राथमिकी यानी एफआईआर संख्या 14 में जांच के बाद क्लोजर रिपोर्ट भी दाखिल कर दी थी।

अदालत में बदली कहानी, 03 युवकों पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
मामले में सबसे बड़ा घटनाक्रम 25 नवंबर को सामने आया, जब चंपावत की विशेष सत्र अदालत (पॉक्सो अधिनियम) में किशोरी की गवाही दर्ज हुई। अदालत में किशोरी ने कहा कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। उसने विनोद सिंह रावत, नवीन सिंह रावत और पूरन सिंह रावत को इसके लिए जिम्मेदार बताया। उसने करीब छह महीने से जेल में बंद आनंद सिंह महरा को पहचानने से भी इन्कार कर दिया और कहा कि इस घटना में उनकी कोई भूमिका नहीं थी।

किशोरी ने अपने पहले के बयानों को लेकर भी अहम बात कही। उसके अनुसार, कमल सिंह रावत और अर्जिता राय के खिलाफ पहले दिए गए बयान दबाव में थे। उसे डर था कि यदि वह उनके बताए अनुसार बयान नहीं देगी तो उसके पिता को जेल भेज दिया जाएगा। इसी डर के चलते उसने मई में सामूहिक दुष्कर्म की घटना से इन्कार करते हुए कथित साजिश की बात कही थी। इस गवाही ने पुलिस की मई में सामने आई शुरुआती कहानी को नए सिरे से सवालों के घेरे में ला दिया है।

हाई कोर्ट से आनंद सिंह महरा को दोनों मुकदमों में जमानत
किशोरी की गवाही के अगले ही दिन 26 नवंबर को उत्तराखंड हाई कोर्ट ने आनंद सिंह महरा को एफआईआर संख्या 15 और 16 में जमानत दे दी। हाई कोर्ट ने जमानत के आदेश में कहा कि किशोरी ने अदालत में जिन तीन युवकों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया, उनमें आनंद सिंह महरा का नाम नहीं था। किशोरी ने उन्हें पहचानने से भी इन्कार किया था।

अदालत ने यह भी कहा कि अभी तक ऐसा ठोस साक्ष्य सामने नहीं आया है, जिससे यह साबित हो कि कथित वीडियो सबसे पहले आनंद सिंह महरा ने सोशल मीडिया पर प्रसारित किया था। इसके अलावा, पहली प्राथमिकी संख्या 14 में पुलिस क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर चुकी थी और आनंद 13 मई से जेल में बंद थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए हाई कोर्ट ने उन्हें दोनों मामलों में जमानत दे दी। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि जमानत का आदेश मामले के अंतिम गुण-दोष पर कोई निर्णय नहीं है। मुकदमे की सुनवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button