crimeUttarakhand

वीडियो: कार में महिला का बुरी तरह जला हुआ शव मिला, साथ आया पुरुष फरार

चमोली में सनसनीखेज वारदात से सकते में नागरिक, कर्नाटक से पुरुष साथी के साथ घूमने चमोली आई थी महिला

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली में रोंगटे खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां जोशीमठ के तपोवन क्षेत्र के पास नीति-मलारी बोर्डर रोड पर एक जली हुई कार और उसमें महिला का जला हुआ शव मिला है। शव की हालत इतनी भयावह है कि महिला का सिर्फ कंकाल ही शेष रह गया है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना देर रात करीब साढ़े 09 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक एक महिला और पुरुष कर्नाटक नंबर की मारुति रिट्ज कार KA01AG0590 में चमोली पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों करीब 01 माह से तपोवन क्षेत्र में प्रवास कर रहे थे। उन्होंने यहां होमस्टे किराए पर लिया था और कहा था कि वह वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं। यहां दर्ज विवरण के मुताबिक पुरुष का नाम संतोष कुमार सेनापति है, जबकि महिला का नाम श्वेता सेनापति (45 वर्ष) था। उन्होंने खुद को भाई-बहन बताया था।

घटना से पहले शनिवार को दोनों को सुभाई में घूमते हुए देखा गया। शुक्रवार को भी यह कार जोशीमठ में लोगों को घूमती हुई दिखी थी। जली हालत में मिली कार संतोष कुमार सेनापति निवासी ग्रीन फ्यूचर होटल कृष्णयानपालया कस्तूरी नगर बंगलुरू के नाम पंजीकृत है। पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े 09 बजे दोनों ग्राम चांचडी के पास कार में मौजूद थे। उस समय गांव में देवी पूजन का कार्यक्रम चल रहा था। जब ग्रामीणों ने उनसे पूजन में शामिल होने का आग्रह किया तो संतोष ने कहा कि उनकी पत्नी कार में है और उसका स्वास्थ्य खराब है।

इसके बाद गांव के पास जली हालत में मिली और उसके साथ महिला का बुरी तरह जला हुआ शव भी था, लेकिन संतोष गायब मिला। पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के अनुसार मौके पर फोरेंसिक टीम से भी जांच कराकर साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। संतोष की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया है। दोनों के मूल पते की जानकारी जुटाकर उनके परिजनों से भी संपर्क किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button