दून की सबसे बड़ी डकैती में नवां बदमाश गिरफ्तार, चोरी के वाहन कराए थे मुहैया
रिलायंस ज्वेल्स में धनतेरस से एक दिन पहले डाका डालकर 14 करोड़ रुपये के आभूषण लूटने का है मामला
![](https://roundthewatch.com/wp-content/uploads/2023/12/IMG-20231210-WA0005-780x470.jpg)
Amit Bhatt, Dehradun: दून के राजपुर रोड स्थित रिलायंस ज्वेल्स में डाका डालकर 14 करोड़ रुपये से अधिक के आभूषणों की लूट के मामले में दून पुलिस को एक और सफलता मिली है। अब तक कि इस सबसे बड़ी डकैती में पुलिस ने नवें बदमाश (आरोपित) को गिरफ्तार कर लिया। अब तक कि सबसे बड़ी डकैती इस घटना को बदमाशों ने पूरी प्लानिंग के साथ धनतेरस से एक दिन पहले 09 नवंबर 2023 को अंजाम दिया था।
![](https://roundthewatch.com/wp-content/uploads/2023/12/IMG-20231210-WA0005-300x135.jpg)
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को पीलीभीत से घटना में शामिल बदमाश विक्रम कुशवाहा को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई में एसटीएफ उत्तराखंड टीम की भी भागीदारी रही। अब तक तक गिरफ्तार किए गए बदमाशों से पूछताछ के दौरान सामने आया कि घटना के लिए चंदन कुमार उर्फ सुजीत निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना अहियापुर जिला मुजफ्फरपुर बिहार ने वाहन (एक कार व दो बाइक) उपलब्ध कराए थे। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी हुई थी।
![](https://roundthewatch.com/wp-content/uploads/2023/09/15_09_2023-ajay_singh_ssp_dehradun_23530930-300x169.webp)
शनिवार रात को सूचना मिली कि आरोपित चंदन कुमार प्रेमनगर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसके परिचित जलील सुभानी उर्फ कांबो ने उसे लूट की घटना को अंजाम देने की योजना के बारे में बताते हुए एक कार व दो बाइकों की व्यवस्था करने को कहा था। इसके बाद चंदन कुमार ने अपने परिचित अकबर को वाहनों की व्यवस्था करने को कहा।
अकबर ने अपने साथी सुमित के साथ मिलकर आगरा से आर्टिगो कार तथा हरियाणा से दो अपाचे मोटरसाइकिल चोरी की थी। एक मोटरसाइकिल को आरोपित चंदन ने अकबर के माध्यम से 31 अक्टूबर को सहारनपुर में राहुल और अविनाश को, जबकि अर्टिगो कार छह नवंबर को बिजनौर में विक्रम कुशवाहा उर्फ पायलेट को दी। एक बाइक को लेकर देहरादून पहुंचा, जो कि उसने 07 नवंबर को आइएसबीटी पहुंचकर बदमाश प्रिंस व अभिषेक को दी।
घटना से पूर्व बदमाशों के साथ सेलाकुई में रहा चंदन आरोपित चंदन कुमार ने बताया कि घटना से पूर्व वह सितंबर महीने में बदमाश प्रिंस, अखिलेश उर्फ अभिषेक और उनके अन्य साथियों के साथ करीब 10 दिन तक सेलाकुई में किराए के कमरे में रहा। शनिवार को वह आरोपित जलील उर्फ कांबो के कहने पर अपनी पहचान छिपाते हुए जेल में बंद अन्य साथियों से मिलने के लिए देहरादून आया था।
इनामी प्रिंस व अभिषेक की भी जल्द गिरफ्तारी संभव डकैती की घटना में शामिल फरार चल रहे दो इनामी बदमाश प्रिंस, अभिषेक और राहुल की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही यह बदमाश भी पुलिस की गिरफ्त में आ सकते हैं। इसके लिए पुलिस टीमें अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही है। वहीं गिरफ्तार किए गए आरोपितों से भी पुलिस को अहम जानकारी हाथ लगी है।
गोली लगने से घायल बदमाश को जेल भेजा
![](https://roundthewatch.com/wp-content/uploads/2023/12/IMG-20231209-WA0002-300x200.jpg)
एसटीएफ व दून पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए विक्रम कुशवाहा निवासी ग्राम पानापुर दिलावरपुर थाना बिदुपर वैशाली बिहार को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पीलीभीत से गिरफ्तार बदमाश को जब पुलिस हथियार रिकवरी के लिए प्रेमनगर स्थित जंगल में ले गई थी तब उसने पुलिस पर फायर कर दिया था, जवाबी फायर में उसके पैर में गोली लग गई।