crimeDehradunpoliceUttarakhand

बिहार की जेल में बनी रिलायंस ज्वेल्स में डकैती की योजना, मास्टरमाइंड शशांक गिरफ्तार

एसएसपी अजय सिंह स्वयं पहुंचे डकैती के मास्टरमाइंड शशांक को गिरफ्तार करने, दून पुलिस ने आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर लिया

Amit Bhatt, Dehradun: दून के राजपुर रोड स्थित रिलायंस ज्वेल्स शोरूम में 14 करोड़ रुपये से अधिक की डकैती की योजना बिहार की जेल में तैयार की गई। बिहार जेल में बंद शशांक ने इस पूरी वारदात की प्लानिंग की। डकैती के मास्टरमाइंड शशांक को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया। ताकि डकैती के इस प्रकरण में उसे जेल भेजा जा सके और उससे तमाम राज उगलवाए सकें। साथ ही उससे अभी तक फरार चल रहे दो और बदमाशों और लूटे गए आभूषणों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। शशांक की गिरफ्तारी में सबसे अधिक खास बात यह रही कि उसे दबोचने के लिए एसएसपी अजय सिंह स्वयं बिहार रवाना हुए। ताकि मास्टमाइंड की गिरफ्तारी को लेकर किसी तरह की अड़चन पैदा न हो।

राजपुर रोड स्थित इस रिलायंस ज्वेल्स शोरूम से बदमाशों ने लूटे करोड़ों रुपये के आभूषण।

09 नवंबर को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने राजपुर रोड स्थित रिलायंस ज्वेल्स शोरूम में डकैती की घटना को अंजाम देते हुए करीब 14 करोड़ रुपये की लूट को अंजाम दिया था। इसके बाद बदमाश फरार हो गए थे। जिस दिन डकैती की घटना को अंजाम दिया गया, उस दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी राज्य स्थापना दिवस को लेकर देहरादून में मौजूद थीं। घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी जवाब तलब किया। घटना के बाद से ही दून पुलिस दिन-रात एक कर बदमाशों के पीछे लग गई और दूसरे ही दिन बदमाशों की ओर से इस्तेमाल किए गए वाहनों को बरामद कर लिया गया।

घटना के बाद से ही एसएसपी अजय सिंह ने कई टीमों को विभिन्न राज्यों के लिए रवाना कर दिया, जिसके बाद पुलिस टीमों ने अलग-अलग राज्यों से अब तक 09 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों से पूछताछ में सामने आया कि डकैती की घटना की पटकथा देश के कई राज्यों में करोड़ों रुपये की डकैती डालने वाले शशांक सिंह उर्फ सोनू राजपूत निवासी ग्राम सोनापुर थाना सिमरी बख्तियारपुर जिला सहरसा बिहार ने बदमाश सुबोध के साथ मिलकर लिखी थी। शशांक की जेल से इंटरनेट के माध्यम से बदमाशों से बात होती थी और उसने अलग-अलग बदमाशों को डकैती की घटना के लिए योजनाबद्ध तरीके से टास्क दिए थे। आरोपित के जेल में होने के कारण पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई थी।

पुलिस की गिरफ्त में रिलायंस ज्वेल्स में डकैती का मास्टरमाइंड शशांक।

जमानत मिलते ही शशांक को दबोच लिया
कई अपराधिक घटनाओं में शामिल शशांक पटना की बेऊर जेल में बंद था। दून पुलिस की एक टीम लगातार उसके बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि आरोपित 02 दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया और भागने की फिराक में था, जिसे एसएसआइ कोतवाली प्रदीप रावत और चौकी इंचार्ज हाथीबड़कला आशीष रावत ने टीम सहित शनिवार रात को बेयूर थाना एरिया से गिरफ्तार कर लिया। दून पुलिस ने उसे पटना न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया।

सुबोध के साथ कर चुका है करोड़ों की डकैती
पुलिस पूछताछ में शशांक ने बताया कि उसने सुबोध सिंह के साथ मिलकर वर्ष 2016 में बैरकपुर बंगाल में मणप्पुरम गोल्ड शॉप में करीब 28 किलो सोने की डकैती डाली। इसके बाद वर्ष 2017 में आसनसोल बंगाल में मुथूट फाइनेंस ब्रांच में करीब 55 किलो सोने की डकैती साथ में मिलकर की थी। इन दोनों घटनाओं के बाद शशांक अलग से जेल से अपना गैंग संचालन करने लगा।

बदमाशों को हथियार भी सप्लाई करवाए
पुलिस की मानें तो शशांक लंबे समय से जेल में बंद था, लेकिन उसका नेटवर्क हर तरफ चलता था। आरोपित फोन के माध्यम से ही अपने गुर्गों को हथियार भी उपलब्ध करवाता था। देहरादून के रिलायंस शोरूम में डकैती के दौरान बदमाशों ने जो हथियार दिखाए, वह भी शशांक ने ही उपलब्ध कराए थे। इसके अलावा उसी के कहने पर वाहन व अन्य सामान बदमाशों तक पहुंचे।

शशांक का गुर्गा विकास कुमार भी चढ़ा पुलिस के हत्थे।

आभूषणों के बारे में भी मिल सकती है अहम जानकारी
घटना के 02 माह बाद लूटे गए गहने बरामद नहीं किए जा सके हैं, लेकिन अब डकैती के मास्टरमाइंड के गिरफ्तार होने के बाद उम्मीद है कि पुलिस गहने भी बरामद कर सकती है। क्योंकि पूरा नेटवर्क शशांक के इशाराें पर चलाया गया था। ऐसे में पुलिस का मानना है कि शशांक को पूरी जानकारी है कि गहने कहां भेजे गए हैं। इसके अलावा फरार चल रहे मुख्य आरोपित अविनाश व राहुल के बारे में भी पुलिस को जानकारी मिलने की संभावना है, जिसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

अब तक यह बदमाश हो चुके हैं गिरफ्तार
– प्रिंस कुमार निवासी ग्राम पानापुर दिलावर पुर थाना बिदुपुर वैशाली बिहार
– अखिलेश कुमार उर्फ अभिषेक उर्फ गांधी निवासी ग्राम बसंतपुर पोस्ट मथुरापुर, जिला थाना बाजपटही, जिला सीतामढी, बिहार
– विक्रम कुमार कुशवाहा निवासी ग्राम पानापुर दिलावरपुर थाना बिदुपुर, वैशाली बिहार
– कुंदन कुमार निवासी विसंभरापुर पोस्ट मधुबनी, थाना साहेबगज, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार
– मोहम्मद आदिल खान निवासी मोहल्ला मिल्लट नगर थाना फुलवारी शरीफ, पटना, बिहार
– आशीष कुमार निवासी बल्थी नरसिंह, थाना साहेबगंज, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार
– अकबर निवासी फैयाज नगर थाना सैद नागली, जिला अमरोहा, यूपी
– अमृत कुमार निवासी इनायतपुर परबोधि थाना सराय वैशाली बिहार
– चंदन कुमार उर्फ सुजीत निवासी ग्राम मिर्जापुर, थाना अहियापुर, जिला मुजफ्फरपुर बिहार
– विशाल कुमार निवासी पानापुर दिलावरपुर थाना विदुपुर वैशाली

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अजय सिंह।

बदमाश शशांक का गुर्गा विकास भी गिरफ्तार, उसे गुजरात से दबोचा
जेल में बैठकर देशभर में डकैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले शशांक व सुबोध गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए दून पुलिस ने चारों तरफ जाल बिछाया। दून पुलिस को इनपुट्स मिले थे कि शशांक के गिरोह के सदस्य गुजरात में डकैती की फिराक में घूम रहे हैं। ऐसे में एसएसपी के निर्देश पर एक टीम गुजरात भेजी गई थी। टीम ने गुजरात पुलिस के साथ मिलकर डकैती की घटना को विफल करते हुए एक गुर्गे विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि रिलायंस ज्वेल्स डकैती प्रकरण में फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दून पुलिस की विभिन्न टीमों की ओर से देश के विभिन्न राज्यों में लगातार दबिशें दी जा रही हैं। इसी बीच पुलिस टीम को जानकारी मिली कि शशांक गैंग का सदस्य गुजरात के मेहसाणा में डकैती की किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इस इनपुट को गुजरात पुलिस के साथ साझा करते हुए दून पुलिस की टीम ने पिछले 10 दिनों से गुजरात में डेरा डाल रखा था। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम बदमाशों के संबंध में जानकारी जुटा रही थी। रविवार को देहरादून पुलिस व गुजरात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुजरात के मेहसाणा थाना क्षेत्र से शशांक गैंग के एक सदस्य विकास कुमार निवासी यू- 24 रेजिडेंसी, सूरत गंगानगर समिति मूल निवासी मधुरापार गांव वार्ड नंबर- 10 तहसील साहिबगंज, मुजफ्फरपुर, बिहार को गिरफ्तार कर लिया।

गुजरात में भी डकैती की योजना शशांक ने बनाई, पुलिस ने किया विफल
गुजरात में डकैती की योजना भी शशांक ने जेल में बैठकर ही बनाई थी। कुछ दिन से बदमाश गुजरात के मेहसाणा में रुककर लगातार रेकी कर रहे थे। पुलिस टीम ने आरोपित से असलहे भी बरामद किए हैं। उसके अन्य साथियों के बारे में पुलिस टीम जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button