Uttarakhand

85 लाख कर्मचारियों से जुड़ा सवाल, साबरमती आश्रम से निकलेगा दांडी मार्च

राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर 12 मार्च को निकाला जाएगा दांडी मार्च

Usha Bhandari, Dehradun: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा 12 मार्च को साबरमती आश्रम से दांडी मार्च निकालेगा। मार्च को सफल बनाने के लिए मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत ने कर्मचारियों से एकजुटता का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह सवाल 85 लाख एनपीएस कर्मचारियों के भविष्य से जुड़ा है। दांडी मार्च गुजरात की सड़कों पर होगा और उसकी गूंज पूरे देश में सुनवाई देगी।

दांडी मार्च को 12 मार्च को संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत साबरमती आश्रम से हरी झंडी दिखाएंगे। मार्च को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष रावत ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग के लिए हर पटल से हर रोज देश के 85 लाख एनपीएस कार्मिक आवाज बुलंद कर रहे हैं। प्रत्येक दिन देश के लाखों एनपीएस कार्मिक देश की सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत ने कहा कि मोदी सरकार से उम्मीद थी कि पुरानी पेंशन बहाली का निर्णय लिया जाएगा, लेकिन अभी तक इस दिशा में उपेक्षा ही हाथ लगी है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत ने कहा कि आज कर्मचारी, शिक्षक, डाक्टर, नर्स, स्वास्थ्य कर्मी, सफाई कर्मी पुलिस कर्मी, रेलवे कर्मी बुढ़ापे के सहारे के लिए संघर्षरत हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव की रणभेरी बजने में कुछ ही दिन बाकी हैं। ऐसे में गुजरात की सड़कों पर पुरानी पेंशन बहाली की आवाज बुलंद होगी तो देश के कोने-कोने तक पहुंचेगी। दांडी यात्रा के माध्यम से पुरानी पेंशन बहाली मांग को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। 2024 के लोक सभा चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा पुरानी पेंशन बहाली का रहेगा। सभी राजनीतिक पार्टियों का ध्यान पुरानी पेंशन बहाली मांग पर केंद्रित करने के लिए दांडी यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण है ।

संयुक्त मोर्चा ने कहा कि दांडी यात्रा में गुजरात राज्य के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, डाक्टर, नर्स, स्वास्थ्य कर्मी सफाई कर्मी, पुलिस कर्मी, रेलवे कर्मी आदि सभी एकजुट होकर अपने परिवारजनों सहित दांडी यात्रा में शामिल होंगे। साथ ही दांडी यात्रा में देश के नौजवानों को, शिक्षाविद, बुद्धिजीवी, पत्रकार साथियों, मीडिया और सामाजिक सरोकारों से जुड़े हुए सभी को शामिल होने की विशेष अपील की गई है। बीपी सिंह रावत ने कहा कि दांडी यात्रा साबरमती आश्रम अहमदाबाद से प्रारंभ होकर गुजरात के अलग-अलग शहरों से होते हुए सूरत के रास्ते से नौसारी दांडी तक पहुंचेगी।

जगह-जगह सरकारी कर्मचारी अपने-अपने संस्थानों से स्कूल-कालेजों से निकल कर दांडी यात्रा का स्वागत करेंगे। जिसमें मुख्य रूप से राष्ट्रीय सलाहकार राकेश कंधारिया, प्रदेश अध्यक्ष डॉ पंकज प्रजापति चतुर भाई आशीष कुहाडिया, उमेश गोहिल, महेंद्र रैबारी, दर्शना जोशी, अंकिता पटेल, विरजराज सिंह, मोहमद इकबाल, संदीप राजपूत मनीषा गोस्वामी, डॉ उपेंद्र चौधरी शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button