बाघ के दोनों पैर काटे, खाल और दांत निकालने की भी थी तैयारी
हरिद्वार में वन्यजीव तस्करों के दुस्साहस ने उड़ाए वन विभाग के होश

Rajkumar Dhiman, Dehradun: हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज में वन्यजीव अपराध का बेहद क्रूर मामला सामने आया है। सजनपुर बीट क्षेत्र में जंगल के भीतर सर्चिंग अभियान के दौरान वन विभाग की टीम को करीब 02 वर्षीय नर बाघ का क्षत-विक्षत शव मिला। बाघ की हालत ऐसी थी कि मौके पर पहुंचे अधिकारियों के भी होश उड़ गए। उसके दोनों पैर काट दिए गए थे, जिससे वन्यजीव तस्करी की आशंका और गहरा गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बाघ की खाल और दांत निकालने की फिराक में भी थे। वन विभाग को जैसे ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली, टीम ने तुरंत जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई के दौरान एक वन गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में वन विभाग की टीमें लगातार जंगल और आसपास के इलाकों में दबिश दे रही हैं।
घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वन्यजीव प्रेमियों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों ने भी इस घटना पर गहरा रोष जताया है। अधिकारियों के मुताबिक बाघ के शव का एनटीसीए प्रोटोकॉल के तहत पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग का कहना है कि मामला सिर्फ शिकार तक सीमित नहीं लग रहा, बल्कि इसके तार वन्यजीव तस्करी नेटवर्क से भी जुड़े हो सकते हैं। यही वजह है कि जांच को कई स्तरों पर आगे बढ़ाया जा रहा है।



