DehradunUttarakhandतीर्थाटन

बिजली के तारों से टकराया हेलीकॉप्टर, सुरकंडा देवी मंदिर के पास खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग

केदारनाथ से देहरादून के लिए उड़ान भरने के दौरान बड़ा हादसा टला, हेलीकॉप्टर सवार सभी सात लोग सुरक्षित

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड के टिहरी जनपद के सकलाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मां सुरकंडा देवी मंदिर के समीप नौगांव इलाके में एक हेलीकाप्टर बिजली की तारों से टकराने के बाद खेत में उतर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। राहत की बात यह रही कि हेलीकाप्टर में सवार पायलट समेत सभी सात लोग सुरक्षित बचा लिए गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलीकाप्टर केदारनाथ धाम से यात्रियों को लेकर देहरादून की ओर जा रहा था। इसी दौरान उड़ान के बीच तकनीकी दिक्कत आने की आशंका जताई जा रही है। स्थिति बिगड़ती देख पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए खेत में आपातकालीन लैंडिंग करने का प्रयास किया। हालांकि, लैंडिंग के दौरान हेलीकाप्टर बिजली की तारों की चपेट में आ गया और खेत में असंतुलित होकर नीचे आ गिरा।

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से हेलीकाप्टर में सवार सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में सभी को सड़क मार्ग से देहरादून भेजा गया।

सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के बाद सकलाना क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय ग्रामीण इस सुरक्षित बचाव को मां सुरकंडा देवी की कृपा बता रहे हैं। जिस तरह गंभीर हादसे के बावजूद सभी यात्री सुरक्षित बच गए, उसे लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button