Uttarakhand

तोताघाटी में चारधाम यात्रा बस पलटी, 39 यात्रियों में मची अफरा-तफरी; SDRF ने संभाला मोर्चा

तिलबाड़ा के पास खाई में गिरी केदारनाथ जा रहे श्रद्धालुओं की कार, पांच घायल

Round The Watch Desk: चारधाम यात्रा मार्ग पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बद्रीनाथ से ऋषिकेश आ रही यात्रियों से भरी एक बस तोताघाटी के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के समय बस में 39 यात्री सवार थे। हादसे में तीन से चार यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 8:30 बजे जिला कंट्रोल रूम (डीसीआर) टिहरी को सूचना मिली कि तोताघाटी के पास एक चारधाम यात्रा बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही निरीक्षक कवीन्द्र सजवान के नेतृत्व में एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला और ब्यासी की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।

मौके पर पहुंची राहत एवं बचाव टीम ने पाया कि बस संख्या UK04 PA 0418, जो बद्रीनाथ से ऋषिकेश की ओर जा रही थी, सड़क पर ही पलट गई थी। प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस पलट गई।

हादसे के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि बस गहरी खाई में नहीं गिरी और बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में घायल तीन से चार यात्रियों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से उपचार के लिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इससे पहले तिलवाड़ा में हुआ हादसा, चारधाम यात्री घायल

केदारनाथ धाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक कार रविवार तड़के गौरीकुंड हाईवे पर तिलवाड़ा के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन में सवार सभी पांच यात्री घायल हो गए, जिनमें दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब पांच बजे जिला कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप एक महिंद्रा एक्सयूवी-700 (UP16-DK0856) सड़क से लगभग 50 मीटर नीचे खाई में गिरकर नदी किनारे पानी में जा फंसी है। सूचना मिलते ही चौकी तिलवाड़ा और कोतवाली अगस्त्यमुनि की पुलिस टीम आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। इसके साथ ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा को भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

बताया गया कि वाहन में पश्चिम बंगाल और झारखंड से आए श्रद्धालु सवार थे, जो केदारनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे। दुर्घटना के बाद वाहन नदी किनारे पानी में फंस गया, जिसके चलते राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दो महिला यात्रियों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आई हैं। वहीं चालक समेत तीन अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन केदारनाथ यात्रा पर जा रहा था। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

घायल यात्रियों के नाम

प्रिंस सिंह (30 वर्ष), निवासी पलामू, झारखंड

सभीमा सिंह (28 वर्ष), निवासी पश्चिम बंगाल

सुजोन मुखर्जी (27 वर्ष), निवासी जलपाईगुड़ी

ऋजा मुखर्जी (30 वर्ष), निवासी जलपाईगुड़ी

प्रदीप कुमार (35 वर्ष), चालक, निवासी औरैया, उत्तर प्रदेश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button