वीडियो: हाथ में शराब की बोतल, गिलास और चखना, गंगा में डुबकी के साथ शराबखोरी
ऋषिकेश में पर्यटकों की हरकत पर भड़के स्थानीय युवक, गंगा से बाहर निकालकर खदेड़ा

Amit Bhatt, Dehradun: गंगा नदी के बीच बैठकर शराब का सेवन कर रहे तीन पर्यटकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में कुछ स्थानीय युवक पर्यटकों का विरोध करते दिखाई दे रहे हैं और उन्हें गंगा के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व का सम्मान करने की नसीहत दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में तीन पर्यटक नदी के भीतर मौजूद नजर आते हैं। इनमें से एक युवक के हाथ में शराब की बोतल और गिलास दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह नशे की हालत में असंतुलित होकर चलते हुए भी दिखता है। इस दौरान मौके पर पहुंचे स्थानीय युवाओं ने पर्यटकों से गंगा में बैठकर शराब पीने पर कड़ा ऐतराज जताया।
स्थानीय युवकों ने पर्यटकों को समझाते हुए कहा कि गंगा करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इसके पवित्र स्वरूप के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है।
वीडियो में युवकों द्वारा पर्यटकों को फटकार लगाने के बाद तीनों पर्यटक अपनी गलती स्वीकार करते दिखाई देते हैं। इसके बाद वे वहां से चले जाते हैं। घटना के दौरान किसी तरह के विवाद या मारपीट की सूचना सामने नहीं आई है।
हालांकि यह वीडियो हाल का है या कुछ दिन पुराना, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, घटना ऋषिकेश से जुड़े किस क्षेत्र की है, इसे लेकर भी अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे तपोवन क्षेत्र का बता रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि यह लक्ष्मणझूला के आसपास का इलाका हो सकता है। प्रशासन या पुलिस की ओर से फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में गंगा तटों पर अनुचित गतिविधियों को लेकर समय-समय पर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों द्वारा आपत्ति जताई जाती रही है। धार्मिक नगरी में आने वाले पर्यटकों से भी लगातार मर्यादा और स्थानीय परंपराओं का पालन करने की अपील की जाती है।



