crime

‘मंत्री’ बनकर घूम रहा था युवक, स्कॉर्पियो पर लगाई लाल-नीली बत्ती, हूटर और बोर्ड, पुलिस ने किया सीज

माइक से सड़क खाली कराने का कर रहा था एलान, पूछताछ में नहीं बता पाया किस मंत्री की गाड़ी है

Amit Bhatt, Dehradun: मंत्री का रौब झाड़ने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। स्कॉर्पियो पर मंत्री का बोर्ड, लाल-नीली बत्ती, हूटर और माइक लगाकर घूम रहे युवक की गाड़ी को पुलिस ने सीज कर दिया। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम गैरेज रोड पर एक काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार युवक माइक से सड़क किनारे खड़ी बाइक हटाने की घोषणा कर रहा था। इस दौरान गाड़ी का हूटर भी बजाया जा रहा था। मंत्री जैसी सुविधाओं से लैस वाहन को देखकर लोगों को संदेह हुआ और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि स्कॉर्पियो पर मंत्री का बोर्ड लगा हुआ था, जबकि उसमें लाल-नीली बत्ती, हूटर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम (माइक) भी लगा था।

पुलिस ने चालक से वाहन और मंत्री बोर्ड के संबंध में पूछताछ की, लेकिन वह यह नहीं बता सका कि गाड़ी किस मंत्री की है और उसे यह बोर्ड लगाने की अनुमति किसने दी है।

कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि जांच में वाहन सनेह तल्ली निवासी समर्थ नामक युवक का निकला। युवक ने प्रभाव जमाने और रौब दिखाने के लिए गाड़ी पर मंत्री का बोर्ड, हूटर और अन्य प्रतिबंधित उपकरण लगा रखे थे।

पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो को तत्काल सीज कर दिया। साथ ही मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button