2035 तक विकसित उत्तराखंड बनाने का संकल्प, ऋषिकेश से 219.29 करोड़ की 51 परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री धामी के 05 वर्ष पूरे होने पर शुरू हुआ ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान, राज्यपाल बोले- उत्तराखंड विकास और निवेश का नया केंद्र

Rajkumar Dhiman, Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री पद पर पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल ग्राउंड से राज्यव्यापी ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से देहरादून जनपद की 219.29 करोड़ रुपये लागत की 51 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 172.78 करोड़ रुपये की 38 योजनाओं का शिलान्यास तथा 46.50 करोड़ रुपये की 13 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को विकसित एवं श्रेष्ठ राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि यह अवसर जश्न मनाने का नहीं, बल्कि पिछले पांच वर्षों के कार्यों का आत्ममंथन करने और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करेगी तथा पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करेगी।
विपक्ष पर साधा निशाना, पांच साल की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री धामी ने विपक्ष पर परोक्ष हमला बोलते हुए कहा कि आज सवाल वही लोग उठा रहे हैं, जिन्हें जब अवसर मिला तब वे विकास कार्यों को गति नहीं दे सके। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना। इसके अलावा सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, प्रभावी भू-कानून, भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू की गई। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नई स्टार्टअप नीति, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, होमस्टे योजना, सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहल के जरिए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना और स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने जैसे कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि लखपति दीदी योजना के तहत प्रदेश की 2.65 लाख से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।
राज्यपाल बोले- सुशासन और विकास का मॉडल बना उत्तराखंड
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने मुख्यमंत्री को पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर बधाई देते हुए कहा कि यह जनता के विश्वास और लोकतांत्रिक स्थिरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में अनेक ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय लिए हैं। यूसीसी लागू करना, नकल विरोधी कानून, जबरन धर्मांतरण रोकने के लिए कड़े कानून, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त प्रावधान और प्रभावी भू-कानून राज्य की सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पुनर्विकास, होमस्टे योजना, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, जी-20 बैठकों और राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन ने उत्तराखंड को विकास और निवेश का नया केंद्र बनाया है। उन्होंने युवाओं से स्टार्टअप और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे क्षेत्रों में आगे आने का आह्वान भी किया।
एक पखवाड़े तक गांव-गांव पहुंचेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत पूरे प्रदेश में बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य, आयुष्मान भारत, पेंशन, समाज कल्याण, कृषि, राजस्व, स्वरोजगार समेत विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेष अभियान के माध्यम से दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, किसान, युवा और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनता के बीच जाकर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
219.29 करोड़ की 51 विकास योजनाओं की सौगात
कार्यक्रम में देहरादून जनपद को सड़क, पुल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पार्क, गौशाला, विद्यालय, पशु चिकित्सालय, स्ट्रीट लाइट, नहर पुनरोद्धार, पर्यटन और शहरी विकास से जुड़ी 51 परियोजनाओं की सौगात मिली।
इनमें मसूरी क्षेत्र में न्यू कैंट रोड पर दो आरसीसी और पीएससी गर्डर पुलों का निर्माण, रायपुर में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्निर्माण, धर्मपुर में आसन नदी पर पुश्ता निर्माण, डोईवाला, रायपुर और सहसपुर में बाढ़ सुरक्षा योजनाएं, चकराता और विकासनगर में नहर निर्माण एवं पुनरोद्धार, मसूरी डायवर्जन से लाइब्रेरी चौक तक एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना, देहरादून आईएसबीटी के निर्माण, सुदृढ़ीकरण और उच्चीकरण, झड़ीपानी ट्रैक के सौंदर्यीकरण, गौशालाओं के निर्माण, पीएमयू कार्यालय भवन, अमृत सरोवर के पर्यटन विकास सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
लोकार्पित योजनाओं में डोईवाला का आधुनिक पशु चिकित्सालय, सुद्धोवाला जेल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा, अजबपुरकलां राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भवन, धारकोट-लड़वाकोट मोटर मार्ग का उन्नयन, हरिपुर कालसी स्नान घाट, रिस्पना किनारे पार्क, मियांवाला और गौरादेवी पार्क के सौंदर्यीकरण जैसी परियोजनाएं प्रमुख रहीं।
#DhamiKe5Saal देशभर में शीर्ष राजनीतिक ट्रेंड
मुख्यमंत्री धामी के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर #DhamiKe5Saal देश का नंबर-1 राजनीतिक ट्रेंड रहा। सरकार की ओर से इसे जनता के विश्वास, विकास और सुशासन के प्रति समर्थन का प्रतीक बताया गया। इस दौरान हजारों लोगों ने पोस्ट, वीडियो, ग्राफिक्स और संदेश साझा कर पिछले पांच वर्षों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। सरकार का दावा है कि उत्तराखंड की विकास यात्रा अब राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन चुकी है।
ये रहे प्रमुख अतिथि
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, भरत चौधरी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, मुन्ना सिंह चौहान, बृजभूषण गैरोला, सुरेश गड़िया, सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, विनोद चमोली, सहदेव सिंह पुंडीर, ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिवालय एवं सूचना विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।



