सोलर प्लांट से 3.50 लाख का इन्वर्टर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चमोली पुलिस ने किया खुलासा
चमोली का ग्राम लासी निवासी अंकित निकला चोरी का आरोपी

Amit Bhatt, Uttarakhand: चमोली पुलिस ने सोलर प्लांट से लाखों रुपये के उपकरण की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब 3.50 लाख रुपये कीमत का सोलर इन्वर्टर भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम लासी निवासी हरीश चन्द्र शेखर, जो एस एंड एस एनर्जी सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड में साइट सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं, ने कोतवाली चमोली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी द्वारा ग्राम लासी में स्थापित 200 किलोवाट क्षमता वाले सोलर प्लांट से किसी अज्ञात व्यक्ति ने 100 किलोवाट क्षमता का सोलर इन्वर्टर चोरी कर लिया है। चोरी गए उपकरण की अनुमानित कीमत 3.50 लाख रुपये आंकी गई थी।
शिकायत के आधार पर कोतवाली चमोली में मुकदमा अपराध संख्या 15/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक राकेश भट्ट के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर पूछताछ, सुरागरसी और पतारसी की गई। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मामले का सफल खुलासा कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम लासी निवासी अंकित सिंह पुत्र स्वर्गीय थान सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 100 किलोवाट क्षमता का सोलर इन्वर्टर सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बरामद सामान
– 100 किलोवाट क्षमता का एक सोलर इन्वर्टर
– अनुमानित कीमत : 3,50,000 रुपये



