ऋषिकेश में दिल्ली के युवकों का हंगामा, टोकने पर स्थानीय युवकों को बेरहमी से पीटा, मुकदमा दर्ज
खारास्रोत पार्किंग में देर रात मारपीट से मची अफरा-तफरी, बीच-बचाव करने आए युवक को भी नहीं बख्शा; पुलिस जांच में जुटी

Amit Bhatt, Dehradun: तीर्थनगरी ऋषिकेश के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र स्थित खारास्रोत पार्किंग में शनिवार देर रात दिल्ली से आए चार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि चारों युवक पहले आपस में झगड़ते रहे और जब स्थानीय युवकों ने उन्हें विवाद शांत करने के लिए टोका तो उन्होंने उन पर ही हमला कर दिया। मारपीट में दो स्थानीय युवक घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, मुनिकीरेती निवासी राज सिंह ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनका छोटा भाई जीतपाल शनिवार रात खारास्रोत पार्किंग से घर लौट रहा था। इसी दौरान पार्किंग में कुछ युवक आपस में झगड़ा और मारपीट कर रहे थे। जीतपाल ने जब उन्हें विवाद समाप्त करने के लिए कहा तो चारों युवक उस पर भड़क गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे मोहित उर्फ रोहित, निवासी खारास्रोत, को भी आरोपितों ने नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की। घटना में दोनों युवकों को चोटें आई हैं।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, मारपीट में शामिल युवकों की पहचान तुषार मिश्रा, मनीष सिंह, आशीष और विक्की के रूप में हुई है, जो दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



