चमोली में 28 जुलाई को सभी स्कूल बंद, पढ़ें डीएम का आदेश
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने लिया निर्णय

Amit Bhatt, Dehradun: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून की ओर से 28 जुलाई 2026 को उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों के साथ चमोली जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अत्यंत तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष गौरव कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 28 जुलाई 2026 (मंगलवार) को जनपद के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि यह निर्णय छात्रों और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। लगातार बारिश और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को अवकाश संबंधी आदेश का तत्काल अनुपालन करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



