EducationUttarakhandआपदा प्रबंधन

उत्तराखंड के 06 जिलों में स्कूल बंद, भारी बारिश की चेतावनी पर जिलाधिकारियों ने किया आदेश

चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के बाद देहरादून में सुबह ही घोषित किया गया है अवकाश

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड में भारी बारिश के अलर्ट के चलते स्कूलों में अवकाश घोषित करने वाले जिलों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग के बाद अब पौड़ी गढ़वाल जिला प्रशासन ने भी 28 जुलाई 2026 (मंगलवार) को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है। वहीं, देहरादून में मंगलवार सुबह ऐन वक्त पर अवकाश घोषित किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून ने 28 जुलाई के लिए जनपद पौड़ी गढ़वाल में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सोमवार देर रात अवकाश के आदेश जारी किया। वहीं, देहरादून में मंगलवार सुबह ऐन वक्त पर छुट्टी का आदेश आया।

हालांकि, पौड़ी जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की पूर्व निर्धारित पूरक तथा परीक्षाफल सुधार परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी। इन परीक्षाओं पर अवकाश का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

जिलाधिकारियों ने बताया कि संभावित भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा नदी-नालों और गदेरों में तेज जलप्रवाह की आशंका को देखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

बहरहाल, प्रदेश में लगातार खराब मौसम के बीच अब तक बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल के बाद देहरादून में 28 जुलाई के लिए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया जा चुका है। जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और गदेरों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button