टिहरी में बुधवार को सभी स्कूल रहेंगे बंद, भारी बारिश की चेतावनी पर डीएम का आदेश
12वीं तक के स्कूल समेत आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, सीईओ कराएंगे आदेश का पालन

Round The Watch News: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून की ओर से 29 जुलाई 2026 को उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में भारी वर्षा, गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अत्यंत तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए टिहरी जिला प्रशासन ने एहतियातन जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिका खंडेलवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 28 जुलाई 2026 (मंगलवार) को जनपद के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि यह निर्णय छात्रों और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। लगातार बारिश और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को अवकाश संबंधी आदेश का तत्काल अनुपालन करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



