Dehradundm dehradun

ड्रीम-11 ने लगाई सट्टे की लत, युवक ऑनलाइन गेमिंग के दलदल में फंसा, बर्बादी के कगार पर परिवार

28 वर्षीय युवक की मां पहुंची डीएम के पास, लगाई मदद की गुहार, अधिकारियों को दिए संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश

Round The Watch News: ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की लत का एक और गंभीर मामला सामने आया है। ऋषिकेश के आशुतोष नगर निवासी एक परिवार ने बेटे की ऑनलाइन गेमिंग/सट्टेबाजी की लत से आर्थिक और मानसिक रूप से टूटने के बाद जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान से मदद की गुहार लगाई है। कलेक्ट्रेट में आयोजित समाधान दिवस में पहुंची विनीता ने बताया कि उनका 28 वर्षीय बेटा अंशुल, जो स्नातक है, वर्ष 2020-21 के दौरान एक रिश्तेदार के माध्यम से ड्रीम-11 जैसे ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म से जुड़ा और धीरे-धीरे सट्टेबाजी की लत में फंसता चला गया।

परिवार के अनुसार शुरुआत में कुछ मुनाफा मिलने से अंशुल का झुकाव तेजी से बढ़ा, लेकिन बाद में लगातार नुकसान होने लगा। ड्रीम-11 जैसे प्लेटफॉर्म पर रोक लगने के बाद उसने अन्य ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी वाले प्लेटफॉर्म का सहारा लिया। इतना ही नहीं, टेलीग्राम पर सक्रिय अवैध सट्टेबाजी चैनलों के जरिए भी वह लगातार पैसे लगाता रहा और भारी नुकसान उठाता गया।

मां ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बेटे ने जनधन योजना के तहत लगभग 03 लाख रुपये का ऋण लिया, जो पूरी तरह डूब गया। इसके बाद उसने क्रेडिट कार्ड से उधारी ली और परिचितों व आसपास के लोगों से भी कर्ज लेना शुरू कर दिया। वर्तमान में परिवार पर 15 लाख रुपये से अधिक का कर्ज हो चुका है। बेटे की लत का असर पिता सुशील कुमार के फल व्यवसाय पर भी पड़ा है और परिवार गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि परामर्श और पुनर्वास की दिशा में भी प्रयास जरूरी हैं।

समाधान दिवस में 164 शिकायतें, लापरवाही पर डीएम सख्त
समाधान दिवस में कुल 164 शिकायतों की सुनवाई की गई। भूमि धोखाधड़ी, अवैध अतिक्रमण, सीमांकन, सामाजिक-आर्थिक सहायता और मानसून से हुए नुकसान से जुड़े मामलों पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बुजुर्गों की सुरक्षा और आर्थिक मदद के मामलों में भी तत्काल निर्देश
समाधान दिवस में पल्टन बाजार निवासी जुनतारा देवी ने बीमारी के इलाज और बेटी की स्कूल फीस के लिए आर्थिक सहायता मांगी, जबकि विधवा अर्चना ने बेटियों की शिक्षा के लिए मदद की गुहार लगाई।

बुजुर्ग राजपाल सिंह ने बेटे पर संपत्ति हड़पने की नीयत से मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत तत्काल वाद दर्ज करने के निर्देश दिए। मन्नूगंज की एक बुजुर्ग विधवा की शिकायत पर सीओ सिटी और सहारनपुर निवासी विनिता भटेजा की राजपुर रोड स्थित पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत पर सीओ मसूरी को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।

अतिक्रमण, बिजली और सुरक्षा से जुड़े मामलों पर भी कार्रवाई
ग्राम सिंगनीवाला में बिजली कनेक्शन, मानुवा में बारिश से खतरनाक बने विद्युत पोल, सिद्धोवाला और बादामवाला में सरकारी व नदी श्रेणी की भूमि पर अतिक्रमण, डॉक्टरगंज में ओवरलोड वाहनों, धोरन रोड स्थित सेंट्रल पार्क रेजिडेंसी के पास सुरक्षा पुस्ता न बनने, चकराता के डेरियों में सीसी रोड निर्माण तथा ऋषिकेश बाईपास की अधिग्रहित भूमि के मामलों में भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) केके मिश्रा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, तहसीलदार विवेक राजौरी, तहसीलदार सुरेंद्र देव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button