दून में बारिश में नहाते वक्त नाली में बहीं दो मासूम बहनें, रैंप के नीचे फंसने से दर्दनाक मौत
क्लेमेंटाउन की नई बस्ती में खेलते-खेलते नाली में उतरी थीं 7 और 3 वर्षीय बहनें, तेज बहाव बना काल; पुलिस जांच में जुटी

Amit Bhatt, Dehradun: राजधानी देहरादून के क्लेमेंटाउन क्षेत्र की नई बस्ती में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो सगी मासूम बहनों की पानी निकासी की नाली में डूबने से मौत हो गई। तेज बहाव में बहने के बाद दोनों बच्चियां नाली के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे नई बस्ती निवासी राजेश मित्तल ने क्लेमेंटाउन थाने को सूचना दी कि दुर्गा मंदिर के पास दो बच्चियां पानी निकासी की नाली में बहकर रैंप के नीचे फंस गई हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को बाहर निकाल लिया था, लेकिन उनकी सांसें थम चुकी थीं।
मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। उनकी मां रीना कुमारी, पत्नी रुदल सदा, ने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चियां दोपहर में घर के बाहर बनी पानी निकासी की नाली में नहाने चली गई थीं। इसी दौरान अचानक तेज बहाव आने से वे बह गईं और रैंप के नीचे फंस गईं।
रीना कुमारी ने बताया कि जब काफी देर तक बच्चियां घर नहीं लौटीं तो उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बड़ी बेटी की टांग रैंप के नीचे दिखाई दी। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है और नई बस्ती में किराये पर रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता है। घटना के समय बच्चियों के पिता काम से अपने गांव बिहार गए हुए थे। उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों का पंचायतनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।



