55 लाख की साइबर ठगी में अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य अमृतसर से गिरफ्तार
शेयर-IPO में निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर ठगी, आरोपी के खाते में पहुंची थी 8.94 लाख की रकम

Amit Bhatt, Dehradun: शेयर और आईपीओ में निवेश कर भारी मुनाफे का झांसा देकर की गई ₹55.48 लाख की साइबर ठगी के मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर क्राइम पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के एक सदस्य को अमृतसर, पंजाब से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खाते में ठगी की रकम में से ₹8.94 लाख ट्रांसफर हुए थे।
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में दर्ज मुकदमा संख्या 10/2026 की विवेचना में सामने आया कि आरोपियों ने खुद को IIFL Wealth Management से जुड़ा बताकर शिकायतकर्ता को शेयर और आईपीओ में निवेश के नाम पर लाभ का झांसा दिया। इसके बाद 16 दिसंबर 2025 से 28 जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में RTGS के माध्यम से कुल ₹55,48,412 जमा कराए गए।
खाते में पहुंची ₹8.94 लाख की रकम
जांच में बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से पता चला कि पीएनबी का एक खाता आरोपी प्रभजीत सिंह के नाम पर था। शिकायतकर्ता से प्रथम लेयर के संदिग्ध खाते एम/एस हरि ओम ट्रेडर्स में भेजी गई ₹25,48,412 की रकम में से ₹3,18,000 और ₹5,76,300, यानी कुल ₹8,94,300, आरोपी के खाते में ट्रांसफर हुए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने रकम को चेक और एटीएम के माध्यम से निकाला। बैंकिंग लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों से साइबर ठगी में उसकी सक्रिय भूमिका सामने आने के बाद एसटीएफ टीम ने अमृतसर में दबिश दी।
जालंधर रोड से गिरफ्तारी
पुलिस ने 11 अगस्त को तारा वाला पुल, जालंधर रोड, अमृतसर से प्रभजीत सिंह (20) को गिरफ्तार किया। आरोपी अमृतसर के छेहरटा क्षेत्र का निवासी है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और एक एसएमएस अलर्ट नंबर बरामद किया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पूछताछ में आरोपी ने अन्य बैंक खातों से भी साइबर ठगी की रकम निकालने की जानकारी दी है। पुलिस को गिरोह में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। एसटीएफ अब अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और ठगी की रकम की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।



