crimeDehradun

वसंत विहार में महिला की चेन लूटने वाले बदमाश को पुलिस ने मारी गोली, एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर पर लगी गोली, हुआ घायल

Round The Watch News: वसंत विहार थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार बदमाश ने पुलिस टीम को देखकर रुकने के बजाय टी-स्टेट की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पता चला कि यह बदमाश वही है, जिसने वसंत विहार क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की चेन झपट ली थी। झपटमारी में महिला गिर पड़ी थी और चोटिल हो गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके के लिए रवाना हुए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश के उपचार की स्थिति और घटना के संबंध में जानकारी ली।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एनक्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आकाश उर्फ तमंचा 14 अगस्त 2026 को बसंत विहार क्षेत्र में वृद्ध महिला के साथ हुई चेन स्नैचिंग की घटना का आरोपी है। इस मामले में उसके खिलाफ वसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने हथियार और चोरी की स्कूटी बरामद की
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से बदमाश के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया। इसके अलावा नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ और जांच में यह स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई होना बताया गया है। पुलिस ने 14 अगस्त को वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना में लूटी गई चेन भी बरामद कर ली है।

FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
मुठभेड़ के बाद FSL टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बरामद हथियार, कारतूस, स्कूटी और चेन को कब्जे में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान बदमाश द्वारा की गई फायरिंग और पुलिस की जवाबी कार्रवाई से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमे और बरामदगी के आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button