
Round The Watch News: पटेलनगर क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल एक आरोपी रोहित नाम के युवक को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार के साथ नया गांव बैरियर पर चेकिंग के दौरान पकड़ा। फायरिंग में एक युवक साहिल गोली लगने से घायल हुआ है, जिसे उसके साथियों ने उपचार के लिए महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार 20 अगस्त को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि स्विफ्ट कार सवार कुछ युवकों ने पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग की है और घटना में एक युवक घायल हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली पटेलनगर से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।
घायल साहिल को उसके साथियों ने उपचार के लिए महंत इंदिरेश अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद घायल के साथी अंशुल पुत्र शिवकुमार, निवासी शिकारपुर, मंगलौर ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर दी। अंशुल ने पुलिस को बताया कि उसका और उसके साथी आदित्य व सुजल का गुरमीत नाम के युवक से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते गुरमीत ने अपने साथियों अमन, रोहित और एक अन्य युवक के साथ मिलकर उन पर फायरिंग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0-544/26, धारा 109/3(5)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
एसजीआरआर यूनिवर्सिटी रोड पर पहली बार चलाई गोली
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रोहित से पूछताछ में सामने आया कि गुरमीत का आदित्य, सुजल और उनके साथियों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते गुरमीत अपने साथियों के साथ आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर पहुंचा और आदित्य, सुजल व उनके साथियों पर फायरिंग की। इस दौरान किसी को चोट नहीं लगी। फायरिंग के बाद मौके पर लोगों के एकत्र होने पर सभी आरोपी स्विफ्ट कार से वहां से फरार हो गए।
मोटरसाइकिल से पीछा करने पर शिमला बाईपास में फिर चली गोली
पुलिस के मुताबिक, कार सवार आरोपियों के फरार होने के बाद आदित्य और उसके साथियों ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया। इस दौरान शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास गुरमीत ने दोबारा उन पर फायरिंग की। इस दूसरी फायरिंग में आदित्य के साथी साहिल को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सभी थानों और सीमावर्ती चौकियों को किया गया अलर्ट
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जनपद के सभी थानों और सीमावर्ती चेक पोस्टों को संदिग्ध स्विफ्ट कार और उसमें सवार युवकों की तलाश के लिए अलर्ट कर दिया। वहीं, देहरादून जनपद में पहले से चल रहे सघन चेकिंग अभियान को और प्रभावी करते हुए संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई।
इसी त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने नया गांव बैरियर पर चेकिंग के दौरान घटना में शामिल आरोपी रोहित को घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार समेत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
रोहित पुत्र प्रदीप सिंह, निवासी ग्राम दलेड़ी, थाना बड़गांव, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश। वर्तमान में वह सुभारती कॉलेज, देहरादून में होटल मैनेजमेंट का छात्र है।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपी रोहित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार संख्या HR-51-AZ-0890 बरामद की है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार और फायरिंग से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।



