सड़क हादसे में उद्योग अधिकारी की मौत, तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से मारी टक्कर
इस तरह के हादसे सड़क सुरक्षा को लेकर घोर अनदेखी की तरफ करते हैं इशारा

Round The Watch News: उत्तरकाशी में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गंगोत्री नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार पिकअप ने मॉर्निंग वॉक पर निकले सहायक उद्योग अधिकारी को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के निवासी मामराज (31) शनिवार सुबह करीब 5:50 बजे नागणी क्षेत्र के पास ऑल वेदर रोड पर टहल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही मुर्गों से भरी पिकअप (UK07CA 3919) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मामराज सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोट आई। लोगों का कहना है कि हादसे के बाद उनकी हालत देखकर ऐसा लग रहा था मानो वाहन उन्हें रौंदता हुआ निकल गया हो।
मृतक टिहरी गढ़वाल के कंडीसौड़ में सहायक उद्योग अधिकारी के पद पर तैनात थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर चिन्यालीसौड़ अस्पताल भेजा। फिलहाल पंचायतनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है।
शुरुआती जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को आई नींद की झपकी बताई जा रही है, जबकि कुछ लोगों ने पिकअप के ब्रेक फेल होने की भी आशंका जताई है। हादसे में पिकअप चालक रोहित, निवासी नौगांव बड़कोट, भी घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार और स्थानीय लोग मामराज की अचानक मौत से स्तब्ध हैं।



