crimeUttarakhand

शादी के छह दिन बाद नवविवाहिता प्रेमी संग फरार, बीच बाजार दिया पति को चकमा

पुलिस ने महिला को दिल्ली से बरामद कर परिजनों को सौंपा, आगे ही कार्रवाई जारी

Amit Bhatt, Uttarakhand: उत्तराखंड के चंपावत जिले में एक नवविवाहिता के शादी के महज 06 दिन बाद अपने प्रेमी के साथ चले जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की और बाद में युवती को उसके प्रेमी के साथ दिल्ली से बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार, पाटी क्षेत्र निवासी नवीन चंद्र सोराड़ी की बेटी सुमन का विवाह 5 मई को बाराकोट ब्लॉक के ग्राम रावलगांव निवासी प्रेम प्रकाश गड़कोटी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था। परिवार के लोगों के मुताबिक, नवविवाहिता का व्यवहार भी सामान्य था और वह रिश्तेदारों से अच्छे से मिल-जुल रही थी।

बताया गया कि 11 मई को सुमन पहली बार अपने पति के साथ मायके जाने के लिए निकली थी। रास्ते में पाटी बाजार पहुंचने पर उसने पति से कहा कि वह अपनी एक सहेली से मिलकर आती है। इसके बाद वह पति से अलग हो गई। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो पति ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला।

कुछ समय बाद नवविवाहिता ने एक दूसरे नंबर से पति को फोन कर बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ जा रही है और अब वापस नहीं लौटेगी। इस सूचना के बाद दोनों परिवारों में अफरा-तफरी मच गई।

परिजनों का आरोप है कि युवती अपने साथ मायके और ससुराल पक्ष के कीमती जेवरात भी ले गई। मामले की शिकायत पाटी थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए युवती और उसके प्रेमी को दिल्ली से बरामद कर लिया और दोनों को वापस पाटी लाया गया। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही परिवार और युवती के बीच बातचीत कराने की भी कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button