श्रीनगर में गहराया ईंधन संकट, पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें
कुछ पंपों पर पेट्रोल-डीजल का स्टॉक खत्म होने और आपूर्ति में दिक्कत पर बढ़ी परेशानी

श्रीनगर गढ़वाल में ईंधन आपूर्ति बाधित होने से पेट्रोल और डीजल का संकट गहराने लगा है। नगर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने की स्थिति बन गई है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ चारधाम यात्रा मार्ग से गुजर रहे यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई वाहन चालकों को पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जबकि कुछ स्थानों पर घंटों इंतजार के बाद भी निराश लौटना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, एनआईटी क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप पर फिलहाल पेट्रोल उपलब्ध है। हालांकि यहां सुबह से ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बढ़ती भीड़ के कारण वाहन चालकों को अपनी बारी आने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। यात्रियों की संख्या बढ़ने से पंप कर्मियों पर भी अतिरिक्त दबाव बना हुआ है।
वहीं, जीएमओयू पेट्रोल पंप और श्रीकोट क्षेत्र के दोनों पेट्रोल पंपों पर सोमवार देर शाम से पेट्रोल और डीजल का स्टॉक समाप्त बताया जा रहा है। इससे आसपास के क्षेत्रों के वाहन चालकों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। खासतौर पर चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को ईंधन उपलब्ध कराने को लेकर चिंता बनी हुई है।
श्रीनगर से लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित जियो पेट्रोल पंप पर फिलहाल पेट्रोल और डीजल उपलब्ध बताया जा रहा है, लेकिन यहां भी सीमित मात्रा में ही ईंधन दिया जा रहा है। लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए लोगों में जल्द स्टॉक खत्म होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ईंधन आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो परिवहन व्यवस्था और दैनिक गतिविधियों पर व्यापक असर पड़ सकता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित तेल कंपनियों से जल्द पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।



