crimeDehradunतीर्थाटन

नशे में धुत था चालक और पीछे 20 चारधाम यात्री सवार

देहरादून पुलिस ने दबोचा, चालक गिरफ्तार और वाहन सीज

Rajkumar Dhiman, Dehradun: चारधाम यात्रा पर निकले 20 श्रद्धालुओं की जान उस समय खतरे में पड़ गई, जब उन्हें लेकर जा रहा टैंपो ट्रैवलर चालक शराब के नशे में वाहन दौड़ाता मिला। देहरादून पुलिस की सतर्कता ने बड़ा हादसा टाल दिया। विकासनगर पुलिस ने हरबर्टपुर बस स्टैंड पर चेकिंग के दौरान चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया।

मामला गुरुवार का है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चारधाम यात्रा मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान विकासनगर कोतवाली पुलिस ने हरबर्टपुर बस स्टैंड पर यात्री वाहन संख्या UK07EA-5570 (टैंपो ट्रैवलर) को रोककर जांच की।

पुलिस को चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ के दौरान वह लड़खड़ाता नजर आया, जिसके बाद पुलिस ने एल्कोमीटर से उसकी जांच कराई। जांच में पुष्टि हुई कि चालक ने तय मानकों से अधिक शराब का सेवन किया हुआ था।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक कुलदीप सिंह (33) पुत्र लखमेर सिंह निवासी हरिपुर तोंगिया, थाना बुग्गावाला, जिला हरिद्वार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत गिरफ्तार कर लिया। साथ ही टेम्पो ट्रैवलर को भी सीज कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक चालक हरिद्वार से राजस्थान के 20 श्रद्धालुओं, जिनमें 11 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल थे, को लेकर चारधाम यात्रा पर निकला था। यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई नहीं करती तो पहाड़ी मार्गों पर बड़ा हादसा हो सकता था।

यात्रियों को बीच रास्ते परेशानी न हो, इसके लिए विकासनगर पुलिस ने तुरंत वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। दून police ने साफ संदेश दिया है कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button