देहरादून: तंत्र मंत्र के नाम पर संदूक में रखे 65 तोले के जेवर, खोला तो निकला चावल और नारियल
वैष्णो देवी मंदिर के एक पुजारी ने दिया घर की बाधाएं दूर करने का झांसा

Round The Watch Desk: आस्था और विश्वास का लाभ उठाकर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वैष्णो देवी मंदिर के एक पुजारी पर तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर एक महिला से करीब 65 तोले सोने-चांदी के आभूषण ठगने का आरोप लगा है। जब महिला ने कुछ समय बाद संदूक खोला तो उसमें जेवरों की जगह आधा किलो चावल और तीन सूखे नारियल मिले। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सेलाकुई थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पुजारी ने महिला को विश्वास में लेकर बताया कि उसके घर की समस्याओं और बाधाओं को दूर करने के लिए विशेष पूजा और तंत्र-मंत्र की आवश्यकता है। इसके लिए उसने महिला से सोने-चांदी के आभूषण मंगवाए। बताया गया कि महिला ने लगभग 65 तोले के जेवर पुजारी को सौंप दिए।
आरोप है कि पुजारी ने आभूषणों को लाल कपड़े में बांधने का नाटक किया और एक पोटली महिला को सौंपते हुए कहा कि इसे एक छोटे संदूक में बंद कर मंदिर में सुरक्षित रख दिया जाए। साथ ही निर्देश दिया कि निर्धारित समय से पहले संदूक न खोला जाए, अन्यथा पूजा का प्रभाव समाप्त हो जाएगा।
महिला ने पुजारी की बातों पर भरोसा करते हुए पोटली को संदूक में रख दिया। कुछ समय बाद जब संदूक खोला गया तो परिवार के लोगों के होश उड़ गए। पोटली में रखे 65 तोले के जेवर गायब थे और उनकी जगह आधा किलो चावल तथा तीन सूखे नारियल रखे हुए थे। खुद को ठगा महसूस करने के बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत सेलाकुई थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी पुजारी की भूमिका, घटनाक्रम और आभूषणों के संबंध में साक्ष्य जुटा रही है। प्राथमिक जांच में मामला सुनियोजित ठगी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



