Dehradun

मसूरी में बड़ा हादसा: कार 500 मीटर गहरी खाई में गिरी, चार पर्यटकों की मौत, रेस्क्यू जारी

Video: ब्रेक फेल होने को माना जा रहा हादसे का कारण, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Round The Watch Desk: मसूरी के झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, सुबह 09:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली मसूरी को सूचना मिली कि बार्लोगंज क्षेत्र में एक कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, SDRF, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार (नंबर DL5CS 4610) सड़क की तीव्र ढलान पर संभवतः ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार लोगों ने हादसे से कुछ देर पहले पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। उन्होंने बातचीत में स्वयं को उत्तरकाशी से आने वाला बताया था। सामान लेकर जैसे ही वे कार में बैठे, वाहन तेजी से ढलान की ओर बढ़ने लगा और सड़क से नीचे खाली प्लॉट को पार करते हुए गहरी खाई में जा गिरा।

कार में चार लोग सवार थे, जिनकी पहचान सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर (48 वर्ष) निवासी 322A नेहरू नगर, गाजियाबाद तथा संगीता पत्नी टीटू (46 वर्ष) निवासी करोल बाग, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, हादसे की सूचना संबंधित परिजनों को दे दी गई है, जो मसूरी के लिए रवाना हो चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button