
Amit Bhatt, Dehradun: नगर निगम प्रशासन ने अनुशासनहीनता और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार पर सख्त रुख अपनाते हुए एक आउटसोर्स कर्मी को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया है। कर्मी पर आरोप है कि वह शराब के नशे में धुत होकर सहायक नगर आयुक्त के कार्यालय में पहुंचा और उनके साथ बदतमीजी करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।
जानकारी के अनुसार आउटसोर्सिंग एजेंसी आरके एसोसिएशन के माध्यम से कार्यरत कर्मचारी थापा मूल रूप से नगर निगम के रिकॉर्ड रूम में तैनात था। हाल ही में उसकी ड्यूटी एसआईआर (SIR) शाखा में लगाई गई थी। निगम अधिकारियों के मुताबिक उसके खिलाफ पहले से ही बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।
बुधवार को मामला तब गंभीर हो गया जब थापा कथित रूप से शराब के नशे में सहायक नगर आयुक्त के कक्ष में पहुंच गया। आरोप है कि उसने अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया और कार्यालय की कार्यवाही में व्यवधान पैदा किया। घटना की सूचना मिलते ही निगम प्रशासन हरकत में आ गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने तत्काल संज्ञान लिया। अधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार और शासकीय अनुशासन के उल्लंघन को देखते हुए नगर आयुक्त ने कर्मी को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाने के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया। इसके बाद आउटसोर्सिंग एजेंसी को संबंधित कर्मी की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश जारी कर दिए गए।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कार्यालयों में अनुशासनहीनता, नशाखोरी और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि सरकारी कार्यों की गरिमा और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



