रिंग रोड फायरिंग मामले में जोरदार प्रदर्शन, शराब की दुकान हटाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
ठेके के बाहर बिजनौर के युवकों के झगड़े में वहां से गुजर रहे दो युवकों को लगी गोली

Amit Bhatt, Dehradun: रायपुर विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते अपराधों और 6 नंबर पुलिया स्थित शराब की दुकान के बाहर हुई फायरिंग की घटना को लेकर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनीत प्रसाद भट्ट (बंटू) के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के नाम जिला आबकारी अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में 6 नंबर पुलिया स्थित शराब की दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने, फायरिंग मामले के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और रायपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि रायपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उनका आरोप था कि पुलिस अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रही है, जिसके कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना पर जनता जवाब चाहती है।
शराब की दुकान हटाने की उठाई मांग
विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि 6 नंबर पुलिया स्थित शराब की दुकान खुलने के बाद से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ी हैं। इससे स्थानीय महिलाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जनहित और क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए शराब की दुकान को तत्काल हटाने की मांग की।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी और शराब की दुकान हटाने के संबंध में सकारात्मक निर्णय नहीं लेता, तो जनभावनाओं के अनुरूप उग्र जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी, पार्षद तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



