पुलिस कर रही थी युवक का पीछा, पकड़ने से पहले मौत ने दबोच लिया
हरिद्वार के पथरी थाने का मामला, दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दोनों की मौत

Amit Bhatt, Dehradun: पथरी थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस जांच से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार बाइक सवार युवक की दूसरी बाइक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पीछा कर रहे पुलिस कांस्टेबल की बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई। घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, पथरी क्षेत्र में कांस्टेबल सुशील और चेतन नियमित गश्त पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने एक बाइक सवार युवक को जांच के लिए रुकने का संकेत दिया। पुलिस का कहना है कि रुकने के बजाय युवक तेज गति से बाइक दौड़ाते हुए वहां से निकल गया।
संदेह होने पर कांस्टेबल सुशील ने बाइक सवार का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर एक मोड़ के पास भाग रहे युवक की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे।
इसी दौरान पीछे से पहुंच रहे कांस्टेबल सुशील की बाइक भी नियंत्रण खो बैठी और दुर्घटनाग्रस्त बाइकों से जा टकराई। हादसे में दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान पथरी क्षेत्र के फेरूपुर निवासी मनोज कुमार और सहारनपुर के हौजखेड़ी निवासी अजय के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मनोज कुमार पतंजलि में कार्यरत था, जबकि दूसरे युवक अजय के संबंध में अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
घायल कांस्टेबल सुशील को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसके पैर में फ्रैक्चर होने के साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर क्यों भागा और घटना के समय परिस्थितियां क्या थीं।



