
Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड सचिवालय में तैनात निजी सचिव सौरभ खत्री की पत्नी और सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। दहेज मृत्यु का मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले की जांच सीओ डोईवाला वंदना वर्मा को सौंप दी गई है और उन्होंने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है और लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच अधिकारी वंदना वर्मा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले तथ्यों और गवाहों के बयानों का विस्तृत परीक्षण करेंगी। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी समेत अन्य निर्णय लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह साक्ष्यों पर आधारित होगी।
इस बीच पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि मुख्य आरोपी सौरभ खत्री के पिता का हाल ही में हार्ट अटैक के बाद निधन हुआ है। वर्तमान में सौरभ पारिवारिक क्रिया-कर्म में शामिल है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इससे जांच प्रभावित नहीं होगी और कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है।
आठ महीने पहले हुई थी शादी, फिर हुई संदिग्ध मौत
पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर स्थित श्रीकोट निवासी स्वर्गीय सुमेर सिंह कंडारी की बेटी सृष्टि कंडारी सरकारी शिक्षिका थीं। उनका विवाह नवंबर 2025 में देहरादून के हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव (दिल्ली फार्म) निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। सौरभ उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत है। शादी के करीब आठ महीने बाद 29 जुलाई को सृष्टि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मां ने लगाए दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोप
मृतका की मां सीमा कंडारी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बेटी को दहेज और अन्य बातों को लेकर मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। शिकायत के अनुसार पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू लगातार उसे अपमानित करते थे और प्रताड़ित करते थे।
ससुर की मौत के बाद ‘मनहूस’ कहकर किया गया प्रताड़ित
परिजनों का आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इसके बाद किसी पंडित की बात का हवाला देते हुए ससुराल पक्ष ने सृष्टि को ‘मनहूस’ कहना शुरू कर दिया और परिवार में होने वाली हर अनहोनी के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया। इससे उसकी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना और बढ़ गई।
बेटी से संपर्क नहीं हुआ, फिर मिली मौत की सूचना
मृतका की मां का कहना है कि जब काफी समय तक बेटी से संपर्क नहीं हो पाया तो उन्होंने एक परिचित को ससुराल भेजा। वहां से पता चला कि सृष्टि को अस्पताल ले जाया गया है। परिवार तत्काल देहरादून पहुंचा, जहां उन्हें जानकारी मिली कि 29 जुलाई को ही उसकी मौत हो चुकी है। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उन्हें घटना की सूचना समय पर नहीं दी।
पति, सास और ननद पर मुकदमा दर्ज
मृतका की मां की शिकायत पर हर्रावाला चौकी, थाना डोईवाला पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि अब वैज्ञानिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



