
Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून के रानीपोखरी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक कॉलेज छात्रा ने अपने पूर्व परिचित युवक पर पीछा करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिटी बस में हुई थी पहचान
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता देहरादून स्थित आईटीएम कॉलेज में बीएफए की छात्रा है और रोजाना सिटी बस से कॉलेज आती-जाती है। इसी दौरान उसकी मुलाकात बस के कंडक्टर सोहेब नाम के युवक से हुई। दोनों के बीच करीब दो से तीन महीने पहले दोस्ती हुई, लेकिन कुछ समय बाद छात्रा ने उससे बातचीत और संपर्क पूरी तरह समाप्त कर दिया।
संपर्क खत्म होने के बाद भी करता रहा पीछा
छात्रा का आरोप है कि दोस्ती खत्म होने के बावजूद युवक लगातार उसका पीछा करता रहा। उसने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। शिकायत के मुताबिक, वह छात्रा का पीछा करते हुए उसके कॉलेज तक पहुंच गया और वहां उसके साथ मारपीट भी की। इतना ही नहीं, आरोपी रानीपोखरी क्षेत्र तक उसका पीछा करता रहा।
अलग-अलग मोबाइल नंबरों से दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि कुछ समय तक शांत रहने के बाद आरोपी ने पांच अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसे फोन करना शुरू कर दिया। हर बार वह जान से मारने की धमकी देता रहा, जिससे छात्रा भयभीत हो गई। उसे आशंका है कि आरोपी किसी गंभीर घटना को अंजाम दे सकता है। इसी डर के चलते उसने पुलिस से सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रानीपोखरी थाना पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी सोहेब के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 351(2) और 78 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत में बताए गए मोबाइल नंबरों, कॉल रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।



