crimeDehradunEducation

दून में छात्र गुटों में दिनदहाड़े फायरिंग, एसजीआरआर विवि और दैनिक जागरण कार्यालय के पास की घटना

कई राउंड फायरिंग के बाद पीछे करने पर फिर चली गोली, एक घायल

Rajkumar Dhiman, Dehradun: पटेलनगर इंडस्ट्रियल एरिया में एसजीआरआर विश्वविद्यालय और दैनिक जागरण कार्यालय के पास गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे युवकों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आइटीएस कॉलेज वाली रोड पर साहिल, सुजल, दक्ष, अंशुल, आदित्य और विशाल खड़े थे। इसी दौरान गुरमीत नाम का युवक कुछ साथियों के साथ स्विफ्ट कार से वहां पहुंचा और युवकों पर फायरिंग कर दी। हालांकि, पहली घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

फायरिंग के बाद गुरमीत कार लेकर वहां से फरार हो गया। इसके बाद युवकों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते हुए मामला शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट जूड चौक के पास पहुंचा, जहां आरोप है कि गुरमीत ने दोबारा फायरिंग कर दी। इस दौरान साहिल नाम का युवक घायल हो गया। उसे इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक को गोली लगी है या गोली के छर्रे से चोट आई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना में इस्तेमाल बताई जा रही स्विफ्ट कार का नंबर एचआर 51 एजी 0890 बताया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और आरोपित युवकों की तलाश के लिए भी जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष के युवक पहले एक-दूसरे के मित्र रहे हैं। पिछले कुछ समय से गुरमीत का आदित्य, सुजल और अंशुल के साथ विवाद चल रहा था। इसी के चलते दोनों पक्षों के बीच मतभेद होने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और यह भी जांच रही है कि फायरिंग किस हथियार से की गई तथा घटना में कुल कितने युवक शामिल थे।

दिनदहाड़े एसजीआरआर विश्वविद्यालय और दैनिक जागरण कार्यालय के पास फायरिंग तथा इसके बाद शिमला बाईपास क्षेत्र में दोबारा गोली चलने की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, घटना से जुड़े कई तथ्य अभी पुलिस जांच के अधीन हैं। पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button