रुड़की में दो बहनों की गोली मारकर हत्या, जीजा गंभीर घायल और आरोपी भाई फरार
प्रीत विहार और सुभाष नगर में वारदात, अलग-अलग स्थानों पर की ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप

Rajkumar Dhiman, Uttarakhand: उत्तराखंड के रुड़की में मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी फैल गई। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी 02 बहनों (शकुंतला और पुष्पा) और जीजा को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी विक्की ने सबसे पहले प्रीत विहार क्षेत्र में अपनी एक बहन शकुंतला पर गोली चलाई। इसके बाद वह सुभाष नगर पहुंचा और वहां अपनी दूसरी बहन पुष्पा तथा जीजा पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से दोनों स्थानों पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
गोली लगने से दोनों बहनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल जीजा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
दो अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें घटनास्थलों पर पहुंचीं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। वारदात के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात की पूरी वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।



