आईआईटी रुड़की के शोधार्थी की संदिग्ध मौत, झाल में मिला शव और कमरे में नोटबुक
तीन दिन से थे लापता, फिर भी दर्ज नहीं थी गुमशुदगी

Amit Bhatt, Uttarakhand: रुड़की से दुखद खबर सामने आई है। Indian Institute of Technology (आईआईटी) Roorkee में पीएचडी कर रहे एक शोधार्थी का शव रविवार शाम मंगलौर क्षेत्र के आसफनगर झाल से बरामद किया गया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय मोहित कुमार के रूप में हुई है, जो नैनीताल के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, मोहित पिछले तीन दिनों से लापता बताए जा रहे थे। हालांकि, उनके लापता होने को लेकर पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। शव मिलने की सूचना पर मंगलौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बताया गया है कि मोहित आईआईटी रुड़की परिसर स्थित कार्टले भवन छात्रावास में रहते थे और इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग में शोधार्थी थे। पुलिस को उनके कमरे से एक नोटबुक भी मिली है, जिसमें कुछ लिखावट पाई गई है। नोटबुक को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बनाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।



