
Rajkumar Dhiman, Dehradun: पुलिस को वर्दी आमजन को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए दी जाती है। न कि उसके सहारे पुलिस कर्मियों के बच्चे समाज में रौब गालिब करते हुए घूमें। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के बीच मसूरी पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया, जो अपने पिता की पुलिस वर्दी और पी-कैप का इस्तेमाल कर लोगों पर रौब झाड़ रहा था। युवक नशे की हालत में कार दौड़ाता मिला और वाहन में उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी व पी-कैप रखकर खुद को पुलिस से जुड़ा दिखाने की कोशिश कर रहा था।
लाइब्रेरी चौक पर चेकिंग के दौरान खुला मामला
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कोतवाली मसूरी पुलिस की ओर से क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लाइब्रेरी चौक पर एक वैगनआर कार संख्या UP 15 DZ 2906 संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। पुलिस की नजर कार के डैशबोर्ड पर रखी उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप और पीछे टंगी उपनिरीक्षक की वर्दी पर पड़ी, जिसके बाद वाहन को तत्काल रोक लिया गया।
नशे में मिला चालक, साथ में थे 03 दोस्त
पुलिस पूछताछ में चालक ने अपना नाम विनय सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश बताया। जांच में युवक नशे की हालत में वाहन चलाता मिला। कार में उसके साथ तीन अन्य साथी भी मौजूद थे।
जब पुलिस ने वाहन में रखी वर्दी और पी-कैप के बारे में सवाल किया तो युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। उसने स्वीकार किया कि टोल टैक्स, पार्किंग शुल्क और अन्य जगहों पर फायदा लेने तथा लोगों पर रौब जमाने के लिए वह अपने साथ पुलिस वर्दी और पी-कैप रखता था।
ड्रिंक एंड ड्राइव में गिरफ्तारी, वाहन सीज
मसूरी पुलिस ने युवक के खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों के उल्लंघन में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी कार को भी सीज कर दिया।
ब्लैक फिल्म और नो पार्किंग पर भी चला डंडा
“ऑपरेशन प्रहार” के तहत मसूरी पुलिस ने क्षेत्र में अवैध पार्किंग, ब्लैक फिल्म और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। सड़क किनारे खड़े वाहनों के चालान काटे गए और वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की हिदायत दी गई।
कोतवाली मसूरी की कार्रवाई का पूरा आंकड़ा
कुल चालान – 98
नो पार्किंग चालान (न्यायालय) – 67
ब्लैक फिल्म चालान – 01
संयोजन शुल्क – ₹500
खतरनाक ढंग से वाहन चलाने के चालान – 05
नकद जुर्माना – ₹5,000
ड्रिंक एंड ड्राइव में 01 कार सीज
03 दोपहिया वाहन सीज
यातायात नियम उल्लंघन के 21 चालान
नकद जुर्माना – ₹12,500
पुलिस की अपील, नियमों का पालन अनिवार्य
देहरादून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें और किसी भी प्रकार से पुलिस या सरकारी पहचान का गलत इस्तेमाल न करें।



