एसटीएफ ने नशे में प्रयुक्त होने वाले 18 हजार कैप्सूल पकड़े, आरोपी का पता नहीं, सिर्फ बाइक मिली
ड्रग्स और अन्य आपराधिक गतिविधियों का गढ़ बनते जा रहे हरिद्वार क्षेत्र में प्रभावी अंकुश नहीं

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड एसटीएफ की इस कार्रवाई को प्रभावी मानी जाए या आधी अधूरी। बेशक टीम ने नशे के किए प्रयुक्त किए जाने वाले 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूलों की खेप पकड़ ली, लेकिन आरोपी का कहीं पता नहीं है। बस आरोपी के नाम पर एक मोटरसाइकिल एसटीएफ के हाथ लगी है। यह स्थिति तब है जब हरिद्वार जैसे क्षेत्र में इस तरह के कैप्सूल पहले भी पकड़े जाते रहे हैं। यहां तक कि ईडी भी फार्मा कंपनियों पर छापेमारी कर चुकी है। अवैध दवा बनाने के मामले भी इस क्षेत्र में सामने आ चुके हैं। जिससे पता चलता है कि इस तरह के अवैध धंधे में लिप्त अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जानी अभी बाकी है।
खैर, मौजूदा मामले में STF के अनुसार बरामद कैप्सूल “Acetaminophen, Tramadol Hydrochloride & Dicyclomine Hydrochloride Capsules” श्रेणी की प्रतिबंधित नशीली दवाएं हैं, जिनकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके से एक हीरो HF Deluxe मोटरसाइकिल (UK08AF5637) भी कब्जे में ली है। यह जानकारी उत्तराखंड एसटीएफ ने अपने प्रेसनोट के माध्यम से साझा की है, लेकिन इसमें घटनाक्रम का उल्लेख नहीं मिलता है।
बताया गया कि मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन और पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के निर्देशों के तहत राज्यभर में नशा कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत STF/ANTF टीम को हरिद्वार क्षेत्र में बड़ी खेप की सूचना मिली थी, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की गई।
STF ने बरामद माल को सील कर NDPS एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब एजेंसियां इस खेप के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक (माल कहां से आया और कहां जाना था) खंगाल रही हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस अवैध धंधे से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
की गई बरामदगी
-18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल
-हीरो HF Deluxe मोटरसाइकिल संख्या UK08AF5637
कार्रवाई करने वाली STF/ANTF टीम
-निरीक्षक भवानी शंकर पंत
-उप निरीक्षक दीपक मेठाणी
-हेड कांस्टेबल देशराज
-कांस्टेबल प्रशांत चौहान
-कांस्टेबल दीपक नेगी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF ने जनता से अपील करते हुए कहा है कि नशे से दूर रहें और किसी भी लालच में आकर नशा तस्करी में शामिल न हों। यदि कहीं भी नशे के कारोबार की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस या STF/ANTF से संपर्क करें।
STF संपर्क नंबर
0135-2656202
9412029536



