दून के पैनेसिया अस्पताल में लगी भीषण आग, महिला की मौत और 10 घायल
आईसीयू के एसी में ब्लास्ट होने से लगी आग, बचाव के दौरान तीन पुलिस कर्मी भी घायल

Rajkumar Dhiman, Dehradun: राजधानी देहरादून स्थित पैनेसिया अस्पताल में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के ICU क्षेत्र में एसी में ब्लास्ट होने के बाद आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं फैल गया, जिससे मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। जिन्हें तत्काल उपचार के लिए कैलाश अस्पताल भेजा गया। वहीं, बचाव के दौरान 03 पुलिस कर्मी भी घायल हो गए। अधिकतर का स्वास्थ्य एसी की गैस और धुआं भरने से हुई।
दरअसल, घटना के समय अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच चीख-पुकार मच गई थी। धुएं के कारण कई मरीजों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। हालात बिगड़ते देख अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मोर्चा संभाला और वार्डों से मरीजों को बाहर निकालना शुरू किया। कई गंभीर मरीजों को एंबुलेंस के जरिए दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद ICU क्षेत्र से धुआं उठने लगा। कुछ ही मिनटों में धुआं अस्पताल के कई हिस्सों तक फैल गया। इससे अस्पताल में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने अस्पताल परिसर को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बना दिया, जबकि प्रशासन ने मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ICU के एसी में ब्लास्ट के बाद आग लगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फायर विभाग की टीम तकनीकी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
हादसे के बाद अस्पताल प्रबंधन पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं कि आखिर संवेदनशील चिकित्सा इकाई में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम कितने मजबूत थे। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।
विवरण घायल व्यक्ति
1- राहुल कुमार पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गांव बूंद की मिल थाना नगीना नजीबाबाद बिजनौर उम्र 32 वर्ष
2- मुकेश पुत्र रामपाल निवासी गांव नंदनपुर हिमाचल प्रदेश हिमाचल प्रदेश उम्र 42 वर्ष
3- शंभू दास पुत्र गिरवानदास उम्र 45 वर्ष निवासी भगवानपुर हरिद्वार
4- गोरी पुत्री रेनू निवासी चंद्रपुर चंद्रपुर सहारनपुर उम्र 2 1/2 वर्ष
5- दौलत सिंह उम्र लगभग 45 वर्ष पुत्र श्री देव सिंह नेगी निवासी नंदा नगर चमोली
6- बेबी उर्फ पायल उम्र नवजात निवासी अज्ञात
7- संगीता देवी पता अज्ञात
8- खान बहादुर पुत्र मुख्तियार निवासी मंगलौर हरिद्वार
9- नित्यानंद पुत्र सोमपाल निवासी भगवानपुर हरिद्वार उम्र 42 वर्ष
10- निहाल पुत्र घसीटा निवासी नेहटौर, जिला बिजनोर, उम्र 69 वर्ष *(कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती)*
नाम पता मृतक
1- वीरवती पत्नी अमरनाथ निवासी ग्राम – कांवली, बल्लीवाला, देहरादून, उम्र 60 वर्ष
बचाव कार्य के दौरान घायल पुलिस कर्मी
1- अ०उ०नि० नरेंद्र कुमार ( ट्रैफिक)
2- कानि0 बृजमोहन रावत ( थाना नेहरू कॉलोनी)
3- कानि0 बृजमोहन कनवासी (थाना नेहरू कॉलोनी)
बचाव टीम
1- उ०नि० मनोज नौटियाल (थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी )
2- Si धनीराम पुरोहित, चौकी प्रभारी फुव्वारा चौक
3- Si गिरीश बडोनी, चौकी प्रभारी जोगीवाला
4- Si अमित रॉड
5- ASi अंशुल बर्थवाल
6- Asi नरेंद्र कुमार (यातायात)
7- कानि0 कमलेश सजवाण
8- कानि0 बृजमोहन रावत
9- कानि0 बृजमोहन कनवासी
10- कानि0 संदीप छाबड़ी
11- हे0कानि0 राजमोहन खत्री
12- कानि0 विपिन सेमवाल



