यूपी पुलिस की उत्तराखंड में फिल्मी एंट्री, बीच बाजार से भाजपा नेता को उठाया
किच्छा में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष गफ्फार खान को किया गया गिरफ्तार

Amit Bhatt, Uttarakhand: ऊधम सिंह नगर के किच्छा में उस समय हलचल मच गई, जब उत्तर प्रदेश के बहेड़ी थाने की पुलिस ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष गफ्फार खान को बीच बाजार से हिरासत में ले लिया। कार्रवाई बुधवार को डीडी चौक के पास की गई, जहां सादे कपड़ों और वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मी पहले से तैनात बताए जा रहे थे। गिरफ्तारी के बाद इलाके में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यूपी पुलिस दो वाहनों में किच्छा पहुंची थी। एक स्कॉर्पियो में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी मौजूद थे, जबकि दूसरे वाहन में वर्दीधारी पुलिस बल तैनात था। बताया जा रहा है कि पुलिस लंबे समय से गफ्फार खान की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। जैसे ही वह डीडी चौक से रुद्रपुर रोड की ओर बढ़े, पुलिस टीम ने उन्हें रोक लिया और तुरंत वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गई। व्यस्त बाजार में अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
गफ्फार खान का नाम इसी वर्ष फरवरी में सामने आए कथित अवैध असलहा सप्लाई मामले में चर्चा में आया था। उस दौरान बहेड़ी पुलिस ने तस्लीम और सोमू खान नामक दो आरोपियों को अवैध पिस्टल और तमंचों के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में दावा किया गया था कि बरामद हथियारों का संबंध बरेली में हुए उपद्रव और दंगों से था। पूछताछ के दौरान जांच एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि कुछ हथियार ऊधम सिंह नगर के दरऊ गांव निवासी गफ्फार खान तक भी पहुंचाए गए थे।
मामले के सार्वजनिक होने के बाद गफ्फार खान ने सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्ट जारी कर खुद को निर्दोष बताया था। उन्होंने पूरे प्रकरण को राजनीतिक साजिश करार देते हुए किच्छा विधायक पर उन्हें फंसाने के आरोप लगाए थे। पिछले करीब तीन महीनों से मामले में कोई बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आने के कारण यह माना जा रहा था कि जांच धीमी पड़ गई है, लेकिन बुधवार को हुई गिरफ्तारी ने मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया।
पुलिस जांच के अनुसार, 26 सितंबर को कानपुर के “आई लव मोहम्मद” प्रकरण के बाद बरेली में हुए उपद्रव के दौरान अवैध हथियारों की सप्लाई किए जाने की आशंका जताई गई थी। इसी कड़ी में कथित हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू हुई थी। बहेड़ी पुलिस ने पहले दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया था। पूछताछ में गफ्फार खान समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए थे। पुलिस का कहना है कि मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
ऊधम सिंह नगर के एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी ने पुष्टि करते हुए बताया कि गफ्फार खान उत्तर प्रदेश में दर्ज एक मुकदमे में वांछित थे। बहेड़ी पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की जाएगी।



