Uttarakhandतीर्थाटनसामाजिक

वीडियो: लड़कियों का गैंग श्रीनगर से केदारनाथ तक सक्रिय, पैसे खत्म होने का दिया हवाला और वसूली शुरू

मेयर और समाजसेवी की सतर्कता से हरकत में आई पुलिस, श्रीनगर छोड़ने की चेतावनी

Amit Bhatt, Uttarakhand: चारधाम यात्रा सीजन के बीच श्रीनगर शहर में संदिग्ध गतिविधियों ने पुलिस और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बाहरी राज्यों से आई कुछ युवतियां शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों से पैसे मांगते हुए पकड़ी गईं। उनके हाथों में आर्थिक मदद की अपील वाला कागज था और वे राहगीरों व दुकानदारों से सहायता मांग रही थीं। मामला सामने आते ही नगर निगम की मेयर आरती भंडारी और वरिष्ठ समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी ने मोर्चा संभाल लिया, जिसके बाद पुलिस भी तत्काल हरकत में आ गई।

मेयर आरती भंडारी ने मौके पर की पूछताछ
सूचना मिलते ही मेयर आरती भंडारी स्वयं मौके पर पहुंचीं और युवतियों से पूछताछ की। पूछताछ में युवतियों ने खुद को राजस्थान के मारवाड़ी क्षेत्र का निवासी बताया। मेयर ने उन्हें शहर में इस तरह की गतिविधियां न करने की सख्त चेतावनी दी और तत्काल श्रीनगर छोड़ने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं, उन्होंने श्रीनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह को फोन कर पूरे मामले की जानकारी देते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी ने खोला मोर्चा
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब वरिष्ठ समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी को भी स्थानीय लोगों से शिकायतें मिलने लगीं। शिकायत मिलते ही उन्होंने युवतियों का पता लगाकर मौके पर पुलिस को बुलाया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।

लखपत सिंह भंडारी ने साफ शब्दों में कहा कि श्रीनगर और पहाड़ में इस तरह के संदिग्ध गैंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा की आड़ में भोले-भाले लोगों को ठगने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।

कभी केदारनाथ यात्रा, कभी गरीबी की कहानी… बदलते बयानों से गहराया शक
पूछताछ के दौरान युवतियों के बयान लगातार बदलते रहे। कभी वे खुद को केदारनाथ धाम जाने वाला बताकर यात्रा के लिए पैसे जुटाने की बात कह रही थीं, तो कभी बेहद गरीब गांव से आने की कहानी सुनाकर लोगों से मदद मांग रही थीं।

समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी का कहना है कि युवतियों के विरोधाभासी बयान साफ तौर पर किसी संगठित संदिग्ध नेटवर्क की ओर इशारा करते हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह गैंग चारधाम यात्रा सीजन का फायदा उठाकर पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय होने की कोशिश कर रहा है।

पहले भी मिल चुकी थी ऐसी शिकायत
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी शहर के एक वार्ड में इसी तरह की महिलाओं के घूमने की शिकायत स्थानीय पार्षद ने पुलिस से की थी। उस समय भी पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें शहर छोड़ने की चेतावनी देकर रवाना किया था।

अब दोबारा ऐसे समूहों के सामने आने से स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी दोनों बढ़ गई हैं। लोगों का कहना है कि यात्रा सीजन के दौरान बाहरी संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जानी चाहिए।

पुलिस जुटी जांच में
फिलहाल पुलिस सभी युवतियों से पूछताछ कर रही है। उनके श्रीनगर आने के उद्देश्य, यहां की गतिविधियों और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि चारधाम यात्रा के दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों में सत्यापन अभियान तेज किया जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गिरोह की गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button