crimeHealthUttarakhand

कोटद्वार में नकली दवाओं की फैक्ट्री पर एसटीएफ का शिकंजा, 24 घंटे में दूसरी बड़ी कार्रवाई

कोरोनाकाल में नकली रेमडेसिविर भी बनाई, लाइसेंस रद्द था और उत्पादन चालू

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड में नकली दवाओं के कारोबारियों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का अभियान “ऑपरेशन फेक पिल” लगातार जारी है। मानव जीवन से खिलवाड़ कर करोड़ों का काला कारोबार करने वाले दवा माफियाओं पर STF ने 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटद्वार क्षेत्र में संचालित एक अवैध फैक्ट्री को सील कर दिया।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशों के तहत की गई। STF को सूचना मिली थी कि पौड़ी गढ़वाल जिले के सिडकुल सिगड्डी क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में अवैध रूप से नकली दवाओं का निर्माण किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद STF ने औषधि विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ छापेमारी की।

लाइसेंस रद्द होने के बाद भी चल रहा था उत्पादन
छापेमारी के दौरान पता चला कि मैसर्स नैक्टर हर्ब्स एंड ड्रग्स का औषधि निर्माण लाइसेंस वर्ष 2024 में ही निरस्त किया जा चुका था। इसके बावजूद फैक्ट्री परिसर में दवा निर्माण से जुड़ी मशीनें, उपकरण और टैबलेट बनाने का सामान मौजूद मिला।

टीम ने मौके से लगभग 3 किलोग्राम कम्प्रेस्ड टैबलेट और टैबलेट निर्माण में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न आकार के 34 पंच उपकरण बरामद किए। प्रथम दृष्टया मामला औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 और फैक्ट्री संचालन संबंधी नियमों के गंभीर उल्लंघन का पाया गया। इसके बाद फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया और बरामद सामग्री पुलिस कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

कोरोना काल में भी लगा था नकली रेमडेसिविर बनाने का आरोप
जांच में सामने आया कि यही फैक्ट्री वर्ष 2021 के कोरोना काल में नकली रेमडेसिविर इंजेक्शन बनाने के आरोपों में भी चर्चाओं में रही थी। इतना ही नहीं, वर्ष 2024 में तेलंगाना पुलिस ने भी इस फैक्ट्री में छापा मारकर नकली दवाइयों का बड़ा जखीरा और फर्जी रेपर बरामद किए थे। बावजूद इसके, फैक्ट्री में अवैध गतिविधियां जारी थीं।

फैक्ट्री स्वामी का विवरण
फैक्ट्री स्वामी की पहचान विशद कुमार पुत्र भीम सिंह निवासी गली नंबर-1, चांदपुर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

फर्म का नाम और पता
मैसर्स नैक्टर हर्ब्स एंड ड्रग्स, सिडकुल सिगड्डी, कोटद्वार, जनपद पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड।

STF और संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा
इस कार्रवाई में STF की ओर से निरीक्षक यादविंदर सिंह बजवा, उप निरीक्षक दीपक मेठाणी, अपर उप निरीक्षक योगेन्द्र चौहान, कांस्टेबल रवि पंत, दीपक चन्दोला, प्रशान्त चौहान और दीपक नेगी शामिल रहे।

संयुक्त टीम में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार, औषधि निरीक्षक सीमा बिष्ट, नायब तहसीलदार राजेन्द्र सेमवाल और राजस्व निरीक्षक आशीष कैमनी भी मौजूद रहे।

STF की जनता से अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अवैध दवा निर्माण इकाई, नकली दवाओं के कारोबार या बिना लाइसेंस चल रही फैक्ट्री की सूचना तुरंत STF या संबंधित विभाग को दें।

STF ने लोगों से केवल अधिकृत और लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर से ही दवाएं खरीदने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

सूचना देने के लिए STF का मोबाइल नंबर जारी किया गया है — 9412029536। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button