बंजी जंपिंग के कुछ देर बाद युवक की मौत, सीने और पेट में दर्द की शिकायत के बाद बिगड़ी हालत
परिवार के साथ धारी देवी के दर्शन के बाद लौटे युवक ने जताई थी बंजी जंपिंग की इच्छा

Amit Bhatt, Dehradun: अलकनंदा नदी के ऊपर बंजी जंपिंग का रोमांच एक परिवार के लिए दुखद हादसे में बदल गया। धारी देवी मंदिर के दर्शन कर लौट रहे देहरादून निवासी 21 वर्षीय युवक की बंजी जंपिंग के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने और पेट में तेज दर्द तथा सांस लेने में परेशानी होने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार देहरादून के शांति विहार, कौलागढ़ निवासी लक्ष्य रस्तोगी अपने परिजनों के साथ धारी देवी मंदिर के दर्शन के बाद वापस लौट रहा था। रास्ते में मूल्यगांव क्षेत्र के समीप संचालित एक बंजी जंपिंग केंद्र पर पहुंचने के बाद उसने जंपिंग करने की इच्छा जताई। परिवार की सहमति मिलने पर वह गतिविधि में शामिल हुआ।
बताया गया कि बंजी जंपिंग पूरी करने के बाद जब लक्ष्य वापस ऊपर पहुंचा तो उसने पेट और सीने में तेज दर्द की शिकायत की। इसके साथ ही उसे सांस लेने में भी कठिनाई होने लगी। परिजनों ने उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए पास स्थित रामकुंड क्षेत्र के एक लॉज में कमरा लेकर आराम कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी तबीयत और खराब हो गई तथा वह बेहोश हो गया।
स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के दौरान युवक को जीवनरहित पाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने उसे पुनर्जीवित करने के लिए आवश्यक चिकित्सीय प्रयास भी किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
चिकित्सकों के अनुसार परिजनों से मिली जानकारी में सामने आया कि बंजी जंपिंग के तुरंत बाद युवक को शारीरिक परेशानी शुरू हो गई थी। प्रारंभिक स्तर पर मौत के कारणों को लेकर विभिन्न संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि अंतिम कारणों की पुष्टि चिकित्सीय परीक्षण और आवश्यक जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में फिलहाल कोई लिखित शिकायत या सूचना प्राप्त नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।



