crimeUttarakhand

मामा की बेटी से शादी करने वाले युवक की हत्या, बीच बाजार वारदात को दिया अंजाम

रुड़की में ममेरी बहन से लव मैरिज करने से आहत मामा ने ही उतारा मौत के घाट

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड के रुड़की में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। भगवानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक की उसके सगे मामा ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक ने करीब 02 साल पहले आरोपी की बेटी (ममेरी बहन) से प्रेम विवाह किया था, जिससे आरोपी लंबे समय से नाराज चल रहा था। पुलिस इस पुरानी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है।

बाजार में सामान खरीदने गया था युवक
मृतक की पहचान पिरान कलियर थाना क्षेत्र के रोलाहेड़ी गांव निवासी 28 वर्षीय मुफीद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे वह भगवानपुर क्षेत्र के हालूमाजरा चौक स्थित बाजार में घरेलू सामान खरीदने पहुंचा था। वह एक दुकान के बाहर खड़ा था, तभी वहां उसका सगा मामा भी पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान मामा ने अपने पास मौजूद धारदार चाकू निकालकर मुफीद के पेट और शरीर पर कई वार कर दिए।

02 साल पहले किया था प्रेम विवाह, अब ऐसा अंजाम
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, मुफीद ने करीब 02 वर्ष पहले अपने मामा की बेटी से प्रेम संबंध के बाद निकाह किया था। इस विवाह से आरोपी नाराज था और तभी से दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। शादी के बाद मुफीद अपनी पत्नी के साथ अपने गांव में रह रहा था। जांच अधिकारियों का मानना है कि लंबे समय से चली आ रही यही पारिवारिक रंजिश शुक्रवार को खूनी वारदात में बदल गई।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
हमले के बाद आरोपी घटनास्थल पर चाकू छोड़कर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मुफीद सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की सूचना पर भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से उसे रुड़की के आरोग्यम अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया गया।

घटनास्थल से बरामद हुआ हथियार
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर कब्जे में ले लिया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके। पुलिस अन्य तकनीकी साक्ष्य भी एकत्र कर रही है।

आरोपी की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच में प्रेम विवाह को हत्या का प्रमुख कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button