वीडियो: बदरीनाथ राजमार्ग पर पलटी तीर्थ यात्रियों से भरी बस, सड़क पर मची चीख-पुकार
शिवपुरी के पास हुआ हादसा, सात यात्री हुए घायल, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Amit Bhatt, Uttarakhand: चारधाम यात्रा मार्ग पर रविवार को बड़ा हादसा टल गया, जब बदरीनाथ से हरिद्वार जा रही यात्रियों से भरी एक बस शिवपुरी क्षेत्र के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में चालक, परिचालक समेत कुल 27 लोग सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में सात यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य बताई गई। प्रशासन ने सभी यात्रियों को अन्य वाहन की व्यवस्था कर उनके गंतव्य लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) के लिए रवाना करना शुरू कर दिया है।
एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक की खिड़की अचानक खुल गई थी। चालक खिड़की बंद करने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया।
दुर्घटनास्थल पर सड़क निर्माण कार्य भी चल रहा था, जिससे मार्ग संकरा और जोखिमपूर्ण बना हुआ था। हादसे के चलते कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर UK 14PA 0605 बताया गया है। एआरटीओ प्रवर्तन ऋषिकेश रश्मि पंत द्वारा बस के फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
घायल यात्रियों के नाम
1. सोनम गुप्ता (28) पुत्री ज्ञानचंद
2. मुन्नी देवी (56) पत्नी ज्ञानचंद
3. चंद्र प्रकाश गुप्ता (62) पुत्र रामचरण
4. संजय चौरसिया (59) पुत्र पन्नालाल
5. सीता देवी (38) पत्नी राम प्रसाद
6. कुमारी शबनम (32) पत्नी अभिमन्यु
7. मनीष गिरी (44)
चालक और परिचालक
चालक : राजेश पुत्र जगदीश, निवासी सुभाषनगर पंत रोड, क्लेमेंटाउन देहरादून
परिचालक : सोनु पुत्र परमजीत, निवासी ढाक पट्टी, राजपुर देहरादून।



