वीडियो: पति शराबी है, जब तलाक की नौबत आई तो बौखलाहट में आरोप लगाकर किया पिंडदान
हरिद्वार में जिंदा पत्नी का पिंडदान करने वाले पति पर महिला ने लगाए आरोप, वीडियो किया जारी

Amit Bhatt, Dehradun: हरिद्वार में गंगा घाट पर पत्नी की तस्वीर का पिंडदान करने और फोटो पर थूकने का वीडियो वायरल होने के बाद अब मामले में महिला ने भी सामने आकर अपना पक्ष रखा है। महिला नेहा अरोड़ा ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि उनके बारे में फैलाई जा रही बातें गलत हैं और उनकी बदनामी की जा रही है।
नेहा ने बताया कि उनके पति अमित अरोड़ा ने कुछ दिन पहले हरिद्वार जाकर उनकी तस्वीर पर माला चढ़ाई और धार्मिक क्रिया जैसा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। इसके बाद इंटरनेट पर यह दावा किया जाने लगा कि वह सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक रील्स बनाती थीं, जिससे नाराज होकर उनके पति ने ऐसा कदम उठाया। महिला ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया।
उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी सोशल मीडिया पर अशोभनीय या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट नहीं की। उनका कहना है कि कोई भी व्यक्ति उनकी इंस्टाग्राम प्रोफाइल देखकर यह बात सत्यापित कर सकता है। महिला के मुताबिक, असल वजह पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद है।
महिला ने दावा किया कि पिछले करीब दो महीनों से वह अपने पति से अलग रह रही हैं और दोनों के बीच तलाक का मामला भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि उनके बच्चे फिलहाल उनके साथ रह रहे हैं।
अपने बयान में महिला ने पति पर शराब पीकर अभद्र व्यवहार करने और मारपीट करने के आरोप भी लगाए। उनका कहना है कि शादी के 17 वर्षों तक उन्होंने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन घरेलू माहौल का असर बच्चों पर पड़ने लगा था। इसी कारण उन्होंने अलग रहने का फैसला लिया।
महिला ने यह भी कहा कि पति गुस्से में उनके खिलाफ अपमानजनक बातें कह रहे हैं और सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर रहे हैं। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।



