Uttarakhandआपदा प्रबंधन

वीडियो: रुद्रप्रयाग में भीषण हादसा, कार 50 फीट गहरी खाई में गिरी, 03 की मौत

भीरी-पेलिंग मार्ग पर दर्दनाक हादसा, पांच यात्री घायल भी हुए

Rajkumar Dhiman, Dehradun: जनपद रुद्रप्रयाग के कोतवाली ऊखीमठ क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर उस समय हुआ, जब एक सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी और एक पेड़ पर अटक गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK 13 B 4293 बांसवाड़ा क्षेत्र से पेलिंग/उथिंड गांव की ओर जा रहा था। शनिवार दोपहर लगभग 12:15 बजे वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर के नेतृत्व में कोतवाली ऊखीमठ पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा गया।

हादसे में घायल होने वालों में रेशमा देवी पत्नी अंजन सिंह, दक्षित पुत्र पंकज सिंह (5 वर्ष), सान्वी पुत्री पंकज सिंह (3 वर्ष), विहान पुत्र अंजन सिंह (8 वर्ष) तथा वैभव पुत्र अंजन सिंह (10 वर्ष) शामिल हैं।

वहीं दुर्घटना में महेंद्र सिंह पुत्र रूप सिंह (68 वर्ष), अंजन सिंह पुत्र महेंद्र सिंह (42 वर्ष) तथा संगीता देवी पत्नी पंकज सिंह (32 वर्ष) की मृत्यु हो गई। बताया गया है कि सभी मृतक एवं घायल उथिंड गांव के निवासी हैं।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

इस हादसे के बाद उथिंड गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button